धर्म

परमहंस संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के प्रवचनों से—935

गौतम बुद्ध अपने उपदेशों के कारण बहुत प्रसिद्ध हो चुके थे। वे रोज प्रवचन देते थे और दूर-दूर से लोग उन्हें सुनने आते थे। उन्हीं में एक युवा लड़का भी नियमित रूप से आता था। वह बहुत ध्यान से बुद्ध की बातें सुनता, लेकिन उसके जीवन में कोई विशेष बदलाव नहीं आ रहा था।

कुछ समय बाद उस लड़के को लगा कि वह कई दिनों से सत्संग सुन रहा है, लेकिन उसका जीवन पहले जैसा ही है। उसने सोचा कि केवल सुनने से कोई लाभ नहीं हो रहा है, इसलिए बुद्ध से इस विषय में बात करनी चाहिए।

अगले दिन वह प्रवचन के दौरान खड़ा हुआ और बोला कि मैं कई दिनों से आपके उपदेश सुन रहा हूं, लेकिन मेरे जीवन में कोई परिवर्तन नहीं आया है। मैं जानना चाहता हूं कि इसका कारण क्या है?

गौतम बुद्ध ने उसकी बात शांतिपूर्वक सुनी और उससे पूछा- तुम कहां से आते हो? लड़के ने बताया कि वह श्रावस्ती से आता है। बुद्ध ने फिर पूछा कि वहां से यहां आने में कितना समय लगता है और तुम किस तरह आते हो? लड़के ने उत्तर दिया कि कभी पैदल, कभी कोई साधन मिल जाता है, तो उससे आता हूं।

फिर बुद्ध ने पूछा- क्या तुम यहां बैठे-बैठे अपने घर पहुंच सकते हो? लड़का मुस्कुराया और बोला कि यह संभव नहीं है, घर पहुंचने के लिए चलना ही पड़ेगा।

बुद्ध ने कहा कि यही उत्तर तुम्हारे प्रश्न में छिपा है। केवल रास्ता जान लेने से कोई लक्ष्य पर नहीं पहुंचता, उसी तरह केवल उपदेश सुन लेने से जीवन नहीं बदलता। जब तक तुम उन बातों को अपने जीवन में लागू नहीं करोगे, तब तक परिवर्तन संभव नहीं है।

बुद्ध ने समझाया कि गुस्से पर नियंत्रण, गलत आदतों का त्याग और अच्छे कर्मों को अपनाना, ये सब केवल सुनने से नहीं, बल्कि अभ्यास करने से आते हैं। सत्संग और अच्छी संगत का उद्देश्य ज्ञान देना है, लेकिन उस ज्ञान को कर्म में बदलना ही असली साधना है।

उस लड़के को समझ आ गया कि समस्या सत्संग में नहीं, बल्कि उसे जीवन में न उतारने में थी।

धर्मप्रेमी सुंदरसाथ जी, सिर्फ किताबें पढ़ना या उपदेश सुनना काफी नहीं है। असली बदलाव तब आता है जब हम पढ़ी-सुनी हुई बातों को अपने व्यवहार में लागू करते हैं। हर दिन एक अच्छी आदत को अपनाने का प्रयास करें। संगत और सत्संग का जीवन में बहुत महत्व है, लेकिन केवल अच्छी बातें सुनना पर्याप्त नहीं होता, उन्हें अपनाना भी जरूरी है।

Shine wih us aloevera gel

Related posts

परमहंस संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के प्रवचनों से—434

परमहंस संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के प्रवचनों से— 686

कोरोना के कारण मंदिर के कपाट बंद हुए तो ट्रस्ट ने खोल दिए मानव सेवा के द्वार