पानीपत

रिश्तेदार बनकर लेडिज संगीत में शामिल हुआ युवक, लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार

पानीपत,
मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के गुरुनानकपुरा में महिला संगीत के दौरान बदमाश ने कमरे से एक लाख रुपए की नगदी लूट ली। इस दौरान कमरे में घर की महिला पहुंची तो बदमाश ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और भाग निकला। घर के पास ही बदमाश का साथी स्कूटी पर तैयार खड़ा था। लोगों ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश भाग निकले। पीड़ित ने मॉडल टाउन थाने में शिकायत दी है। बदमाश का फोटो मिला है।

गुरुनानकपुरा के जगदीश लाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी से पहले रात को महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। करीब 8 बजे घर के सभी सदस्य कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी बीच एक युवक ऊपर के कमरे में पहुंचा और अलमारी में रखे एक लाख रुपए उठा लिये। तभी वहां एक रिश्तेदार महिला पहुंची। बदमाश के हाथ में रुपए देखकर महिला ने शोर मचाया, लेकिन गानों की आवाज में शोर सुनाई नहीं दिया। बदमाश महिला को धक्का देकर भाग निकला। महिला उसके पीछे-पीछे शोर मचाती हुई आई, लेकिन तब तक बदमाश पहले से स्कूटी लेकर तैयार खड़े अपने साथी के साथ भाग निकला।

फोटो से की बदमाश की पहचान
जगदीश लाल ने बताया कि वारदात के बाद महिला को कार्यक्रम के सभी फोटो दिखाए गए। महिला ने रुपए ले जाने वाले बदमाश को पहचान लिया। बदमाश हमारा रिश्तेदार नहीं है। उन्होंने बदमाश की फोटो पुलिस को दी है। पुलिस फोटो के माध्यम से बदमाश तक पहुंचने में लगी है।

Related posts

जिंदगी के संघर्ष की कहानी है चित्रकार जोधा सिंह की डॉक्यूमेंट्री

सड़क हादसे में 1 की मौत, 2 गंभीर

दो को बचाने के नहर में कूदा तीसरा..तीनों पानी में बहे