मंड़ी आदमपुर,
गांव मोहब्बतपुर के पास हिसार पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने नशा तस्करों कार्रवाई करते हुए 550 किलो 300 ग्राम डोडा/चूरा पोस्त की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
एएनसी हिसार के प्रभारी उप निरीक्षक इन्द्र सिंह गोदारा ने बताया कि उनकी टीम बस अड्डा मोहब्बतपुर के पास गश्त और नशा रोकथाम अभियान के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय सूचना मिली कि भादरा (राजस्थान) की तरफ से एक ट्रक आदमपुर की ओर आने वाला है, जिसमें ऊपर तक कोयले की बोरियां भरी हुई हैं। सूचना के अनुसार कोयले की बोरियों के बीच बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा था।
सूचना पर पुलिस टीम ने मोड़ा खेड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद भादरा की तरफ से एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर ने अपनी पहचान रोहताश निवासी मेहूवाला, जिला फतेहाबाद के रूप में बताई।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोयले की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए 28 काले रंग के कट्टों से कुल 550 किलो 300 ग्राम डोडा/चूरा पोस्त बरामद हुआ।पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर ट्रक को भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह खेप राजस्थान से लाई गई थी और इसे आदमपुर के रास्ते आगे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आदमपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी),61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।









