देश

पति का कटा सिर लेकर थाने पहुंची पत्नी—जानें विस्तृत रिपोर्ट

लखीमपुर,
असम के लखीमपुर जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति की हरकतों और उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। पति की हत्या के बाद पत्नी खुद पति का कटा हुआ सिर लेकर थाने जा पहुंची और अपना गुनाह कुबूल कर लिया।
दरअसल, लखीमपुर में 55 वर्षीय मुधिराम अपनी 48 वर्षीय पत्नी गुणेश्वरी बरकटकी के साथ रहता था। आरोप है कि वह आए दिन अपनी पत्नी गुणेश्वरी के साथ मारपीट करता था। उसे तरह तरह से प्रताडित करता था। बुधवार को उसकी पत्नी के सब्र का बांध टूट गया और उसने तेजधार हथियार से अपने पति मुधिराम का सिर उसके धड़ से अलग कर दिया।
पति की हत्या करने के बाद आरोपी महिला गुणेश्वरी ने उसका कटा हुआ सिर एक प्लास्टिक की थैली में डाला और सीधे पुलिस थाने जा पहुंची। उसके हाथ में कटा हुआ सिर देखकर पुलिसवालों के होश उड़ गए। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति मुधिराम उसके साथ हर दिन मारपीट करता था। कई वर्षों तक वो उसका अत्याचार सहती रही।
लेकिन जब पानी सिर से गुजर गया तो उसने उसे मार डाला। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पहले भी कई बार अपने पति मुधिराम को मारने की कोशिश की थी, जिसके चलते वो घायल भी हुआ था। गुणेश्वरी ने कई बार पति से अलग होने के बारे में भी सोचा था, लेकिन अपने बच्चों की वजह से वो ऐसा नहीं कर पाई।
पुलिस ने गुणेश्वरी बरकटकी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया, तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज आरोपी गुणेश्वरी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related posts

मध्य प्रदेश के गवर्नर लालजी टंडन का निधन

बजट: 50 करोड़ लोगों को हर साल 5 लाख तक का मेडिक्लेम

23 राज्य चाहते हैं 5वीं और 8वीं में फेल नहीं करने का नियम बदले