हिसार

हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा ने किया प्रदेश स्तरीय आंदोलन का ऐलान

प्रदेशभर में लगाए जाएंगे खुले दरबार, हस्ताक्षर अभियान चलेगा, एसीएस को ज्ञापन सौंपा जाएगा

हिसार,
राज्य सरकार द्वारा परिवहन विभाग में अपनाई जा रही अघोषित निजीकरण की नीतियों, कर्मचारियों की प्रताड़ना व कौशल विकास के माध्यम से युवाओं की अस्थाई भर्ती के नाम पर बेरोजगारों को गुमराह करने की नीतियों के खिलाफ हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा प्रदेश स्तर पर अभियान चलाएगा। इसके साथ ही सांझा मोर्चा के नेता प्रदेशभर में डिपो स्तर पर खुले दरबार आयोजित करके कर्मचारियों की समस्याएं जानेंगे और संबंधित अधिकारियों से उन्हें हल करवाने का प्रयास करेंगे।
इस संबंध में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की बैठक हिसार में हुई, जिसमें अनेक अहम निर्णय लिये गए। बैठक में सबसे पहले 28 व 29 मार्च को हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल की समीक्षा करते हुए इसे ऐतिहासिक सफल बताया गया और कहा गया कि इस सफलता से बौखलाकर सरकार व विभिन्न डिपुओं के महाप्रबंधक औच्छी हरकतों पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा, डबवाली व पलवल सहित कई डिपुओं में कर्मचारी नेताओं पर प्रताड़ना की कार्रवाई करते हुए उन पर डकैती जैसी धाराएं लगाकर जेलों में डाला गया है जो निंदनीय है। बैठक में कहा गया कि इस तरह की औच्छी हरकतों से सांझा मोर्चा व कर्मचारी डरने वाले नहीं है बल्कि और और जोश के साथ सरकार की गलत नीतियों का मुकाबला करेंगे।
बैठक सांझा मोर्चा नेताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 28 अप्रैल से 28 मई तक प्रदेशभर के डिपुओं में सांझा मोर्चा की ओर से खुले दरबार आयोजित करके कर्मचारियों की समस्याएं जानी जाएगी और संबंधित अधिकारियों से उन्हें हल करवाया जाएगा। इसके अलावा 1, 2 व 3 जून को हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनता खासकर युवाओं को बताया जाएगा कि किस प्रकार कौशल विकास के माध्यम से भर्ती के नाम पर सरकार युवा वर्ग का शोषण करना चाहती है। इसके साथ ही किलोमीटर स्कीम के दुष्प्रभावों से भी जनता को अवगत करवाया जाएगा। यह भी फैसला लिया गया कि 8 जून को सांझा मोर्चा के नेतृत्व में कर्मचारियों का मास डेपुटेशन हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को सौंपेगा।
हिसार में हुई सांझा मोर्चा की बैठक में वरिष्ठ सदस्य दलबीर किरमारा, इन्द्र सिंह बधाना, सरबत सिंह पूनिया, रमेश श्योकंद, कृष्ण कादियान, विनोद शर्मा, विरेन्द्र सिंगरोहा, प्रताप सिंह भनवाला, आजाद गिल, जयबीर घणघस, दिनेश हुड्डा, दीपक बल्हारा, अशोक कुंडू, सुरेन्द्र सिंह, राजबीर सैनी, राजेन्द्र सिंह, अमित महराना, अशोक सिहाग, अरूण शर्मा, रघबीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts

पवन गोयल बने ऑल हरियाणा पैट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान

Jeewan Aadhar Editor Desk

28 मई 2019 को हिसार में होने वाले मुख्य कार्यक्रम

हरियाणा के किसान संगठनों की महापंचायत 28 को हांसी में

Jeewan Aadhar Editor Desk