हिसार

पुरुषों से बराबरी की थीम पर 8 को दौड़ लगाएंगी महिलाएं व लड़कियां : उपायुक्त

उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने महिला दिवस पर करवाई जाने वाली पिंकाथन के लिए महिलाओं व लड़कियों से किया रजिस्ट्रेशन करवाने का आहृवान

हिसार,
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च को महिला-पुरुष की बराबरी के थीम पर महिलाओं व लड़कियों के लिए पिंकाथन (दौड़) का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निशुल्क पंजीकरण शुरू किया गया है। महिलाएं व लड़कियां पिंकाथन के लिए अधिक से अधिक संख्या में अपना पंजीकरण करवाएं।
यह आहृवान करते हुए उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि प्रतिवर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्टï्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य है कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया जाए और हर किसी को महिलाओं को बराबरी के अधिकार के लिए काम करने को प्रोत्साहित किया जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ाने व घरेलू हिंसा पर रोक लगाने की दिशा में चलाए जा रहे प्रदेश सरकार के अभियान को मजबूती मिलेगी। इस वर्ष महिला दिवस का थीम महिला-पुरुष की समानता को रखा गया है। इस दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रत्येक जिला की 500 सफल व प्रेरक महिलाओं को गुरुग्राम से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि महिला दिवस पर इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जिला व उपमंडल स्तर पर प्रात: 7 बजे से महिलाओं व लड़कियों की पिंकाथन (मैराथन) करवाई जाएगी। इसमें तीन श्रेणियों, 3, 5 व 10 किलोमीटर की महिला मैराथन का आयोजन करवाया जाएगा। जिला स्तरीय पिंकाथन का आयोजन महाबीर स्टेडियम से किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पिंकाथन के लिए महिलाओं व लड़कियों का पंजीकरण करने के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन सुविधा भी शुरू की है। कोई भी महिला घर बैठे, कंप्टयूटर अथवा मोबाइल के माध्यम से डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट महिलादिवसमैराथन डॉट इन के पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकती है। महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों की छात्राएं अपने शिक्षण संस्थाओं में रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मी, महिला शिक्षक, महिला बाल विकास विभाग की कर्मचारी व स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ-साथ अन्य विभागों, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं व गैर सरकारी संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी 8 मार्च को पिंकाथन में भाग लेंगी और पुरुषों की बराबरी के इस अभियान में पूरे जोश व उत्साह के साथ दौड़ लगाएंगी।
उपायुक्त ने जिला की महिलाओं से आहृवान किया कि वे घरों की चारदिवारी से बाहर निकलकर 8 मार्च को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जरूर शामिल हों और इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में अपना पंजीकरण भी करवाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए पेयजल, मोबाइल शौचालयों व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करवाने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि 8 मार्च के ही दिन प्रात: 10 बजे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं व लड़कियों के लिए एक जिला स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला की 500 से अधिक महिलाओं व लड़कियों की भागीदारी होगी। इस कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महिला दिवस का संदेश देंगे। इसी दिन से प्रदेश में पोषण पखवाड़ा भी शुरू किया जाएगा जो 22 मार्च तक चलेगा। इसके माध्यम से कुपोषित व अनिमिया पीडि़तों को लाभ पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में ड्रग व नशा मुक्ति, लैंगिक समानता व महिला सुरक्षा की शपथ भी दिलवाई जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि इस दिन जिला की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन करवाया जाएगा। इनमें महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा व समानता से जुड़े विषयों पर जागरूकता पैदा की जाएगी। ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली को महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के अनुकूल बनाने पर फोकस किया जाएगा। उपायुक्त ने 8 मार्च को ग्राम सभाओं के सफल आयोजन व सभी कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए डीडीपीओ व सभी बीडीपीओ को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।

Related posts

28 मार्च को हिसार में होने वाले मुख्य कार्यक्रम

अधिकारी दूषित पेयजल समस्या का 24 घंटे में करें समाधान, वरना होगी कार्रवाई : गौतम सरदाना

आदमपुर को कुलदीप मुक्त बनाने की कसरत करेंगे भाजपाई