पुराने समय में एक व्यक्ति अपने जीवन से बहुत परेशान था। उसके जीवन में समस्याएं खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही थीं। कभी आर्थिक तंगी, कभी पारिवारिक तनाव, तो कभी रिश्तों की उलझनें, रोज उसके लिए एक नई चुनौती आ जाती थी। धीरे-धीरे वह व्यक्ति अंदर से टूटने लगा और निराशा में डूब गया। उसे लगने लगा कि शायद उसके जीवन में कभी खुशियां नहीं आएंगी।
एक दिन उसके गांव में एक संत आए। उनके उपदेश सुनकर गांव के लोग उनसे बहुत प्रभावित हो रहे थे। वह व्यक्ति भी संत के पास गया और बोला, “गुरुदेव, मैं बहुत दुखी हूं। जीवन में हमेशा खुश रहने का कोई राज है तो कृपया मुझे बताइए।”
संत मुस्कुराए और बोले, “राज तो है, लेकिन उसे समझने के लिए तुम्हें मेरे साथ जंगल चलना होगा।”
वह संत के साथ जंगल जाने के लिए तैयार हो गया। संत ने रास्ते में एक बड़ा भारी पत्थर उठाया और उस व्यक्ति को देते हुए कहा, “इसे उठाकर मेरे साथ चलते रहो।”
व्यक्ति ने बिना सवाल किए पत्थर उठा लिया और चलने लगा। कुछ ही दूरी पर उसका हाथ दर्द करने लगा, कंधे भारी हो गए और शरीर थकने लगा, लेकिन वह संत के साथ चलता रहा, क्योंकि वह हमेशा सुखी रहने का उपाय जानना चाहता था।
थोड़ी दूर और चलने के बाद वह नहीं सह सका और बोला, “गुरुदेव, मैं अब यह पत्थर और नहीं उठा सकता। मेरा हाथ बहुत दर्द कर रहा है।”
संत रुके और बोले, “ठीक है, इसे यहीं रख दो।”
जैसे ही व्यक्ति ने पत्थर जमीन पर रखा, उसे तुरंत हल्कापन और राहत महसूस हुई। उसका दर्द तुरंत कम हो गया।
तब संत ने कहा, “यही जीवन का सबसे बड़ा सच है। जिस तरह यह पत्थर तुम्हारे लिए बोझ बन गया था, उसी तरह तुम्हारे दुख, पछतावा और नकारात्मक विचार भी तुम्हारे मन पर बोझ हैं। जब तक तुम इन्हें ढोते रहोगे, तुम खुश नहीं रह सकते।”
व्यक्ति को संत की बात समझ आ गई। उसने उन्हें प्रणाम किया और निर्णय लिया कि अब वह अपने अतीत के दुखों और नकारात्मक सोच को छोड़कर आगे बढ़ेगा। इसके बाद उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगा और अब वह प्रसन्न रहने लगा था।
धर्मप्रेमी सुंदरसाथ जी, अक्सर हम उन बातों को भी अपने साथ ढोते रहते हैं जो हमारे नियंत्रण में नहीं होतीं, जैसे पुरानी गलतियां, रिश्तों की कड़वाहट या बीते हुए नुकसान। यह मानसिक बोझ धीरे-धीरे हमारी ऊर्जा को खत्म कर देता है। इसलिए जरूरी है कि हम समझें क्या बदल सकता है और क्या नहीं, और जो नहीं बदल सकता उसे स्वीकार करना सीखें।








