एक व्यक्ति जीवन की परेशानियों की वजह से निराश हो गया था। उसके पिता का देहांत हो चुका था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। वह सोचता था कि धीरे-धीरे जीवन आसान हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा था। उसकी शादी हुई, उसे उम्मीद थी कि अब उसे एक सहारा मिलेगा, लेकिन परिस्थितियां और कठिन हो गईं। कभी आर्थिक तंगी, कभी पारिवारिक तनाव, तो कभी स्वास्थ्य समस्याएं, उसके जीवन में एक समस्या खत्म होती तो दूसरी खड़ी हो जाती।
एक दिन वह निराश होकर गांव के बाहर रह रहे संत के पास पहुंचा। उसने संत से कहा, “गुरुदेव, कृपया मुझे अपना शिष्य बना लीजिए। मैं अब और संघर्ष नहीं सह सकता। मेरे जीवन में समस्याएं खत्म ही नहीं हो रही हैं।”
संत ने उसकी बात सुनी और उसे अपना शिष्य स्वीकार कर लिया। फिर उन्होंने पूछा, “बताओ, तुम्हें सबसे बड़ी परेशानी क्या लगती है?”
दुखी व्यक्ति ने कहा, “गुरुदेव, एक समस्या खत्म होती नहीं कि दूसरी शुरू हो जाती है। मैं हर बार हार जाता हूं।”
संत मुस्कुराए और बोले, “ठीक है, आज तुम्हारी समस्याओं का समाधान करेंगे। मेरे साथ चलो।”
संत के आश्रम के पास ही एक नदी बह रही थी। संत और नया शिष्य दोनों नदी किनारे पहुंचे। वहां पहुंचकर संत चुपचाप खड़े हो गए। कुछ देर बाद शिष्य ने पूछा, “गुरुदेव, हमें नदी पार करनी है तो हम यहां क्यों रुक गए हैं?”
संत ने कहा, “हम नदी के सूखने का इंतजार कर रहे हैं ताकि हम आसानी से पार कर सकें।”
यह सुनकर शिष्य हैरान रह गया। उसने कहा, “गुरुदेव, यह कैसे संभव है? नदी कभी नहीं सूखेगी।”
तब संत ने गंभीर होकर कहा, “यही तो मैं तुम्हें समझाना चाहता हूं। जीवन की समस्याएं कभी खत्म नहीं होतीं। अगर तुम उनके खत्म होने का इंतजार करोगे, तो तुम वहीं रुके रह जाओगे, लेकिन अगर तुम आगे बढ़ते रहोगे, तो रास्ता अपने आप बनता जाएगा। जिस तरह हमें नदी पार करने के लिए पानी उतरना पड़ेगा, ठीक उसी तरह समस्याओं को हल करने के लिए हमें समस्याओं का सामना करना चाहिए। समस्याओं से भागकर या दूर रहकर जीवन में सुख-शांति की कामना नहीं की जा सकती है।”
उस दिन शिष्य को गहरी समझ मिली। उसने जाना कि जीवन में रुकना नहीं है, बल्कि परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ते रहना ही वास्तविक समाधान है। धीरे-धीरे उसकी सोच बदल गई और वही व्यक्ति आगे चलकर एक सफल और संतुलित जीवन जीने लगा।
धर्मप्रेमी सुंदरसाथ जी, जीवन में समस्याओं का आना स्वाभाविक है, लेकिन उनका समाधान हमारे दृष्टिकोण और आदतों पर निर्भर करता है। अगर हम सही तरीके से जीवन को प्रबंधित करें, तो बड़ी से बड़ी बाधा भी आसान लगने लगती है। सबसे पहले, हमें यह स्वीकार करना चाहिए कि समस्याएं कभी पूरी तरह समाप्त नहीं होतीं। यह सोच हमें मानसिक रूप से तैयार करती है और हम हर परिस्थिति का सामना शांत मन से कर पाते हैं। स्वीकार्यता सुखी जीवन का पहला कदम है।








