हिसार

अब रोडवेज कर्मचारी नहीं रहेंगे अपने हक से वंचित : संघ

हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ की मांग पर उच्चाधिकारियों ने डिपो महाप्रबंधकों को लिखा पत्र

कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहेगा हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ

हिसार,
हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के जनजागरण अभियान के तहत रोडवेज कर्मचारियों की समस्याएं जानने, समस्याओं का संबंधित अधिकारियों व सरकार स्तर पर हल करवाने के मिशन के साथ संगठन नेताओं ने आज हिसार डिपो व हांसी सब डिपो में गेट मीटिंग की। इस दौरान संगठन नेताओं ने कर्मचारियों से भाईचारा बनाए रखने व संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। हिसार डिपो में हुई गेट मीटिंग की अध्यक्षता डिपो प्रधान रामसिंह बिश्नोई ने की जबकि हांसी सब डिपो में अध्यक्षता सब डिपो प्रधान सोनू ने की।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दलबीर किरमारा, महासचिव आजाद सिंह गिल व प्रदेश वरिष्ठ उप प्रधान बलवान सिंह दोदवा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव तत्पर है। संगठन ने राज्य सरकार, विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व महानिदेशक से यही मांग की है कि जिस कर्मचारी का जो हक बनता है, वो उसे दिया जाए और उनके हक के बीच में रोडा अटकाने के जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई की जाए। संगठन की इस मांग को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने राज्य के सभी डिपुओं के महाप्रबंधकों को पत्र भी जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि हिसार डिपो में महाप्रबंधक ने कर्मचारियों की लंबित एसीपी, वेतन वृद्धि व मेडिकल के मामले हल कर दिए हैं, जिसके लिए संगठन उनका आभारी हैं। उन्होंने बताया कि संगठन ने उच्चाधिकारियों के समक्ष रोडवेज बसों का बेड़ा बढ़ाने की मांग की थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 809 बसों की खरीद के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों से दूर रहें और आपसी भाईचाए बनाए रखकर संगठन को मजबूत करें।
रोडवेज नेताओं ने कहा कि गत 7 जून को पंचकूला में हुई बैठक के निर्णयानुसार राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाने का फैसला लिया गया था। इसके तहत अब तक सिरसा, फतेहाबाद, डबवाली, हिसार व हांसी में गेट मीटिंगें हो चुकी है और अन्य डिपुओं में यह कार्यक्रम जारी रहेगा। जनजागरण अभियान के तहत कर्मचारियों में भारी जोश देखने को मिल रहा है और वे संगठन से जुड़ रहे हैं। रोडवेज नेताओं ने दोहराया कि हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्षरत रहा है और भविष्य भी संगठन अपने संघर्ष में कोई कमी नहीं आने देगा। कर्मचारी किसी तरह की बातों से गुमराह न हों, अपनी समस्या खुलकर संगठन के सामने रखें और विभाग हित में अच्छा काम करें।
गेट मीटिंग में उपरोक्त के अलावा चंडीगढ़ डिपो प्रधान चन्द्रभान सोलंकी, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुभाष बिश्नोई, कुलदीप पाबड़ा, सुभाष ढिल्लो, सतपाल डाबला, कमल निंबल, जोगेन्द्र पंघाल, जोगेन्द्र लांबा, सुभाष किरमारा, दर्शन जांगड़ा, जोगेन्द्र बड़सी, अनिल खटक, विजेन्द्र शर्मा, नगेन्द्र जांगड़ा, गुलशन, राजेश मुकलान, चन्द्रभान, विकास पिलानिया, दारा सिंह, बुधराम फौजी, हनुमान जांगड़ा, अजय दुहन, दलीप सदलपुर, संदीप सैनी, धर्मपाल सैनी, नरेन्द्र सोनी, सचिन, धर्मपाल घिराय, पवन पूनिया, कर्णसिंह, राजीव व निरीक्षक रघबीर सिंह सहित सैंकड़ों कर्मचारी उपस्थित थे।

Related posts

सरकार वादा करके भूल गई, उद्योगपतियों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है खमियाजा—बजरंग दास गर्ग

पुरानी पेंशन बहाली पर हरियाणा सरकार मौन क्यों : एमएल सहगल

Jeewan Aadhar Editor Desk

हिसार : बिजनेस के बहाने होटल में बुलाया, रेप की धमकी दे मांगे 5 लाख, 2 युवतियां गिरफ्तार

Jeewan Aadhar Editor Desk