फतेहाबाद (साहिल रुखाया)
https://youtu.be/vaoKNN8hUrY
कुछ तो मजबूरी रही होगी उस मां की जिसने अपने एक माह के बच्चे को दूसरी महिला की गोद में छोड़ दिया। मामला चलती ट्रेन का है। खगडिया स्टेशन के पास अज्ञात महिला अपने साथ ट्रेन में सवार दूसरी महिला की गोद में करीब 1 महीने का बच्चा छोड़कर फरार हो गई। बच्चे को लावारिस हालत में पाकर दूसरी महिला ने बच्चे को टोहाना रेलवे स्टेशन पर पुलिस को सौंपा।
इसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। टोहाना में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में बनी नर्सरी में रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी मिलते ही चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेयर पर्सन अनीता जोड़ा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और उन्होंने बच्चे के बारे में जानकारी ली।
मासूम का उपचार कर रहे डॉक्टर रवीश गोदारा ने बताया कि बच्चा करीब 1 महीने का मालूम पड़ रहा है और वजन कम होने के कारण वह बीमार है। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बच्चे की मां पर विभिन्न धाराओं के साथ मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन उस मां की अवश्य ही कोई बड़ी मजबूरी रही होगी जिसने अपने जिगर के टुकड़े को यूं गैर के हाथ में सौंपा है।