फतेहाबाद

प्रेमियों से मिलने के लिए 18 किलोमीटर पैदल चली 5 नाबालिग लड़कियां..पुलिस ने किया अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज

फतेहाबाद (साहिल रुखाया)
माडल टाऊन में नवजीवन समाज कल्याण समिति की ओर से संचालित चाईल्ड केयर इंस्टीट्यूट (अनाथालय) की खिड़की तोड़कर व दीवार फांदकर 5 लड़कियां फरार हो गई थी। लड़कियों के फरार होने की सूचना मिलते ही अनाथालय संचालक व पुलिस में हड़कंप मच गया। रात को ही पुलिस व अनाथालय संचालक उनको ढूंढऩे निकल पड़े। यह लड़कियां पहले 18 किलोमीटर पैदल चलकर भट्टूकलां पहुंची और यहां पर ट्रेन में सवार होकर सिरसा के बढ़ागुडा पहुंच गई। इसके नजदीक ही गांव लकड़ावाली से पुलिस ने उनको बरामद कर लिया। लड़कियों को महिला थाने लाया गया है। वहीं शहर पुलिस ने अनाथालय संचालक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।

लड़कियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह सभी लड़कियां पहले भी अपने घरों से फरार हो चुकी हैं और कोर्ट के आदेशों पर इनको काउंसलिंग के लिए अनाथालय में भेजा गया था। अनाथालय संचालक के अनुसार, यह लड़कियां अपने पूर्व प्रेमियों से मिलने के लिए अनाथालय से भागी थी, लेकिन उनको मिलने कोई भी नहीं आया। वहीं मामले की सूचना पाकर एसडीएम व बाल कल्याण समिति के सदस्य भी अनाथालय पहुंचे और रिकार्ड की जांच की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवजीवन समाज कल्याण समिति की ओर से माडल टाऊन में अनाथालय खोला हुआ है। इस अनाथालय में बाल कल्याण समिति व घरों से भटके बच्चों को रखा जाता है। इस समय अनाथालय में 8 लड़कियां व 5 लड़के हैं। इस अनाथालय में ही करीब 6 माह के अंतराल में 16 से साढ़े 17 साल की पांच लड़कियों को भेजा गया था। इनमें 4 लड़कियां घर से भाग चुकी हैं और एक का बाल विवाह हुआ था। इनमें 4 लड़कियां फतेहाबाद जिला से तथा एक पंजाब की रहने वाली है। इनको अदालत ने बाल कल्याण समिति के पास भेजा था और बाल कल्याण समिति ने इन लड़कियों को अनाथालय में रहने के लिए भेज दिया था, ताकि इनकी काउंसलिंग करकेे इनको उनके घर भेजा जा सके। शनिवार रात को सभी पांचों लड़कियां एक ही कमरे में सोई हुई थी। रात को करीब 11 बजे लड़कियों ने पहले कमरे की खिड़की तोड़ी और इसके बाद दीवार फांदकर अनाथालय से निकल आई।

रात को करीब एक बजे जब उनकी केयर टेकर उठी तो लड़कियों को ना पाकर उसने संचालक ओमप्रकाश को फोन किया। लड़कियों के अचानक अनाथालय से गायब होने से अनाथालय संचालकों व पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस की एक टीम अनाथालय संचालक को साथ लेकर उनकी तलाश में जुट गई। सभी लड़कियों को रविवार सुबह करीब 11 बजे गांव लकड़ावाली से बरामद कर लिया गया। अनाथालय संचालक ने इसकी शिकायत शहर पुलिस को भी दी है। शहर पुलिस ने इस संबंध में ओमप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है।

पूर्व प्रेमियों से मिलने के लिए भागी थी अनाथालय से: संचालक
अनाथालय के संचालक ओमप्रकाश ने बताया कि इन सभी लड़कियों को बाल कल्याण समिति के मार्फत उनके अनाथालय में भेजा गया था। शनिवार रात को यह लड़कियां अनाथालय से फरार हो गई और पैदल ही भट्टू की ओर निकल गई। लड़कियों ने भट्टू रोड पर एक ढाबा संचालक से फोन मांगकर एक युवक को फोन किया था कि वह उसे ले जाए। युवक ने उनको बताया कि वह साहुवाला गांव में शादी में आया हुआ है। इस युवक के साथ फरार लड़कियों में से एक पहले भी भाग चुकी है।

शक होने पर हमने युवक को फोन किया तो पता चला कि लड़कियां साहुवाला गांव जा सकती हैं। यह लड़कियां 18 किलोमीटर दूर पैदल चलकर भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची और यहां से ट्रेन में चढ़कर बढ़ागुडा उतर गई। यहां पर पैदल यह लड़कियां लकड़वाली गांव के पास पहुंची, जहां पुलिस की मदद से उनको बरामद कर लिया गया। ओमप्रकाश ने बताया कि इन लड़कियां ने कई अन्य युवकों को भी फोन कर मिलने को बुलाया था, लेकिन कोई भी लड़का उनसे मिलने नहीं आया,अन्यथा यह लड़कियां बरामद न हो पाती। उन्होंने यह भी बताया कि वह बार-बार बाल कल्याण समिति को इन लड़कियों को उनके घर भेजने का आग्रह कर चुके थे।

अपहरण का किया है केस दर्ज: एसएचओ
शहर थाना प्रभारी सुरेन्द्र कंबोज ने बताया कि सभी लड़कियों के मामले में अनाथालय संचालक ओमप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। लड़कियां नाबालिग हैं, इसलिए यह अभियोग अंकित किया गया है। उन्होंने बताया कि लड़कियों को बरामद कर लिया गया है और उनको महिला पुलिस की कस्टडी में रखा गया है। लड़कियों ने पूछताछ में बताया है कि वह घुमने के लिए गई थी।

अब बने गांव में न्यूज इंफॉर्मर..अपने गांव के समाचार प्रकाशित करवाये और रखे अपने गांव को सदा आगे..ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करे।

जॉब की खोज में है.. और वेतन भी अच्छा चाहिए तो…मार्केटिंग के क्षेत्र में आईए..अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करे।

जीवन आधार पत्रिका यानि एक जगह सभी जानकारी..व्यक्तिगत विकास के साथ—साथ पारिवारिक सुरक्षा गारंटी और मासिक आमदनी और नौकरी भी..अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करे।

Related posts

छात्रा के भाईयों ने गलतफहमी में धर्मभाई को पीटा, छात्रा ने पुलिस चौकी में बांधी सबके सामने राखी

प्रदेश में 2 दिन स्कूलों का अवकाश, संभावित तूफान को लेकर 3 घंटे पहले होगा अलर्ट जारी

ब्यूटी पार्लर कोर्स का हुआ समापन, निदेशक ने प्रतिभागियों को वितरित किये प्रशिक्षण पत्र