हिसार

इनेलो दो फाड़ होने के बाद हो गई जीरो—रणबीर सिंह गंगवा

हिसार,
भारतीय जनता पार्टी में हाल ही में शामिल हुए रणबीर सिंह गंगवा ने कहा है कि वह लोकसभा चुनाव की रेस में नहीं हैं लेकिन पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, उसको पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। बुधवार को यहां हरियाणा मीडिया क्लब में जिले भर से आए पत्रकारों से बातचीत करते हुए रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल शीर्ष नेतृत्व के नाम पर दो फाड़ हो चुका था। ऐसे में उन पर कार्यकर्ताओं को भारी दबाव था कि वह कोई स्पष्ठ निर्णय लेकर कार्यकर्ताओं को राजनीतिक दिशा दें। कुछ भाावुकता भरे अंदाज में रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि इनेलो के दो फाड़ होने के बाद उनके सामने कोई विकल्प नहीं था कि वह अपने कार्यकर्ताओं के मान सम्मान के लिए कोई नयी राजनीतिक राह पकड़े अथवा राजनीति से संन्यास ले लें। गंगवा ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की पारदर्शी नीतियों व भाजपा के शीर्ष नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीयता की भावना से बेहद प्रभावित थे और इसलिए उन्होंने भाजपा को चुनने का ही सर्वश्रेष्ठ विकल्प चुना।
विधानसभा में अपने खिलाफ कार्यवाही के मुद्दे पर रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि उन्होंने 20 मार्च को ही विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था और भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने कहा कि वह दो नाव में पैर रखने वाले नेता नहीं हैं अब वह भाजपा में हैं और पाटी नेतृत्व उन्हें जिस प्रकार की जो जिम्मेदारी देगा उसे वह निभाएंगे चाहे वह चुनाव का मैदान हो या चुनाव प्रचार का कार्य। पार्टी उम्मीदवार के बारे में बोलते हुए रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक ही उम्मीदवार है कमल का निशान और भाजपा का हर उम्मीदवार और कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री पद पर आसीन करने के लिए चुनाव मैदान में काम करेगा। उन्होंने कहा कि हर तरफ मोदी की लहर है और पार्टी हरियाणा में सभी दस सीटों पर चुनाव जीतकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का कार्य करेगी।
इनेलो के भविष्य के बारे में पूछे गए एक सवाल के उत्तर में रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि इनेलो दो फाड़ होने के बाद जीरो हो गई है और लोगों का पार्टी से विश्वास पूरी तरह से टूट चुका है। जो लोग इनेलो को प्रदेश में सभी दलों का राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे थे उनकी भावनाओं को आघात पहुंचा है और उनका पार्टी नेतृत्व से विश्वास टूटा है।
यह पूछे जाने पर कि वह अब तक भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के आलोचक रहे हैं तो भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता या कैडर उनके कितना साथ देगा। रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि वह एक स्पष्टवादी हैं और जहां जो गलत दिखा उसकी आलोचना की और जहां सही दिखाई दिया उसकी खुलकर प्रशंसा भी की। इसके लिए लाभ या हानि की कभी चिंता नहीं की। गंगवा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के पटल पर भाजपा की नीतियों की खुल कर प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कार्यकर्ता उनकी भावना को समझते हैं और उनके साथ हैं। नलवा के भाजपा नेताओं के बारे में भी उन्होंने यही कहा कि सब उनके साथ हैं चुनाव में पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपेगी, सभी उसका निष्ठा से निर्वाह करेंगे।
हिसार से लोकसभा की चुनाव टिकट के मुद्दे पर उन्होंने फिर दोहराया कि वह किसी शर्त को लेकर भाजपा में नहीं गए और पार्टी द्वारा सौंपी हर जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर हरियाणा मीडिया क्लब के प्रांतीय संयोजक जितेन्द्र खुराना, सचिव देवेंद्र कांबोज, जिला संयोजक संजीव मेहता सहित सभी सदस्य एवं सभी समाचार समूहों के प्रतिनिधि पत्रकार, इलेक्ट्रोनिक मीडिया व सोशल मीडिया के पत्रकार, छायाकार उपस्थित रहे।

Related posts

समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल या महाप्रबंधक का घेराव जैसा कदम उठाया जाएगा : पाबड़ा

स्कूलों से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू

न्यू ट्रांसपोर्ट बिल व निजी बसों के खिलाफ 7 अगस्त को रहेगा रोडवेज का चक्का जाम: ग्रेवाल