हिसार

कोरोना केस मिलने पर उपायुक्त ने डाया में बनाया कंटेनमेंट जोन, डोर-टू-डोर सर्वे करेगी टीम

कंटेनमेंट जोन में इंसीडेंट कमांडर करवाएंगे आमजन की समस्याओं का समाधान

हिसार,
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने गांव डाया में कोरोना केस मिलने के बाद तेलूराम के घर से पूर्व सरपंच गोपीराम के घर तथा बलराज श्योराण के घर तक के क्षेत्र को 28 दिन के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इसके अलावा गांव डाया के शेष एरिया को बफर जोन बनाया है। हिसार के एसडीएम को कंटेनमेंट व बफर जोन का ओवरऑल इंचार्ज जबकि प्रधानाचार्य रामकुमार को ड्यूटी मजिस्टे्रट नियुक्त किया गया है। जिला बागवानी अधिकारी सुरेंद्र कुमार को कंटेनमेंट जोन का इंसीडेंट कमांडर नियुक्त किया गया है जो क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान करवाएंगे और कंटेनमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सेवा प्रदाताओं व विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करवाएंगे।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि कंटेनमेंट जोन व बफर जोन में कोरोना संक्रमण पर रोक के लिए संदिग्धों की पहचान करने, ऐसे सभी व्यक्तियों की जांच करने, उन्हें क्वारेंटाइन व आइसोलेशन करने तथा सामाजिक दूरी बनाने के अलावा अन्य सभी प्रकार के स्वास्थ्य मापदंडों को लागू करने के लिए एक्शन प्लान बनाया गया है। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि वे कंटेनमेंट जोन में आशा वर्कर्स व एएनएम की कम से कम एक टीम गठित करें जो कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग व थर्मल स्कैनिंग करेंगी। इस टीम के कार्य की निगरानी व रिपोर्टिंग आदि के लिए सुपरवाइजर डॉक्टर्स की एक टीम भी लगाई जाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक स्टाफ सदस्य को सुरक्षा के मद्देनजर पीपीई किट व अन्य आवश्यक उपकरण मुहैया करवाए जाएं। इसी प्रकार सिविल सर्जन द्वारा कंटेनमेंट जोन व बफर जोन को पूरी तरह से सेनिटाइज करवाया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं है। हिसार के पुलिस अधीक्षक द्वारा कंटेनमेंट जोन के क्षेत्र को पूरी तरह से सील करके व नाके आदि लगवाकर यहां पुलिस बल की तैनाती करवाई जाएगी। बफर जोन में लॉकडाउन के सभी नियमों की सख्ती से अनुपालना करवाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर द्वारा कंटेनमेंट जोन व बफर जोन में समुचित बेरिकेडिंग करवाई जाएगी। उन्होंने रोडवेज जीएम को प्रतिदिन नागरिक अस्पताल से प्रभावित क्षेत्र तक आशा वर्कर्स व एएनएम की टीमों को लाने व ले जाने के लिए बसें लगाने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि कंटेनमेंट क्षेत्र के निवासियों को प्रतिदिन की जरूरत की सभी वस्तुओं की होम डिलीवरी करवाई जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन, ग्रोसरी, दूध, मेडिसन व फल सब्जियों की होम डिलीवरी की दरें निर्धारित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। वस्तुओं की डिलीवरी करने वाला व्यक्ति पीपीई किट पहनकर आए और किसी भी घर में प्रवेश न करे बल्कि सामान का पैकेट घर के दरवाजे पर रखकर वापस चला जाए। कंटेनमेंट व बफर जोन में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी व समुचित सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हिसार के एसडीएम को ओवर-ऑल इंचार्ज बनाया गया है। उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, एंबुलेंस व अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति आदि के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

Related posts

एक आग्रह पर छोड़ दी धुम्रपान की 60 साल पुरानी आदत

रिश्ते हुए तार—तार..बाप ने बनाया नाबालिग बेटी को हवस का शिकार

सरकार व प्रशासन पहले ही आगे आता तो नहीं होती खेदड़ की घटना : अमर गुप्ता

Jeewan Aadhar Editor Desk