फतेहाबाद

देशभर में होगा सर्वखाप महिला पंचायत का गठन : संतोष दहिया

फतेहाबाद,
सर्वखाप महिला महापंचायत की राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दहिया ने कहा है कि वर्तमान में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध चिंता का विषय है और सरकार को इन पर कड़ाई से रोक लगानी चाहिए वहीं समाज को भी इस तरफ ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला विरूद्ध अपराधों पर रोक लगाने के लिए देशभर में महिला सर्वखाप पंचायत का गठन किया जाएगा।
संतोष दहिया सोमवार को फतेहाबाद हलके के झलनियां गांव में महिलाओं के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि आज भारत जैसे देश में बेटियों के साथ बलात्कार, लिंग-भेद आदि होता है, जो गलत है। जम्मू कश्मीर की आसिफा हो या फिर हैदराबाद की प्रियंका, दिल्ली की निर्भया हो या फिर फरीदाबाद की निकिता, देशभर में बेटियों के साथ घिनोनी हरकत रुकने का नाम नहीं ले रही। डॉ. संतोष दहिया ने कहा कि इन्ही घटनाओं से त्रस्त मन से हमने देश के हर कोने में सर्वखाप महिला महापंचायत का गठन शुरू कर दिया है क्योंकि जब देश की पूरी व्यवस्था बेटियों को सुरक्षित रखने में नाकाम साबित हो रही है तब हमें आगे बढ़कर खुद अपनी बेटियों की सुरक्षा करनी होगी। यह संगठन गांव-गांव जाकर महिलाओं एवं लड़कियों को जागरूक कर रहा है तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागृत कर अपने साथ जोड़ रहा हैं।
राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित डॉ. संतोष दहिया ने बताया कि खाप पंचायत में सभी वर्ग, जाति, धर्म, आयु की महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में आज फतेहबाद ब्लॉक से कमला को अध्यक्ष, सुनीता को महासचिव, सुमन व गीता को उपाध्यक्ष, राजो देवी को सचिव बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हम महिलाओं में आत्मविश्वास जगा रहे हैं ताकि वो डरें नहीं, शर्माएं नहीं बल्कि खुलकर अपनी बात रख सकें और अपने साथ होने वाले हर अन्याय का विरोध करें। उन्होंने बताया कि महिला संगठन केवल हरियाणा में ही नहीं बल्कि पूरे हिंदुस्तान के हर एक जिले एवं प्रदेश से महिला खाप पंचायत के साथ महिलाओं को जोड़ा है। साथ ही जो पुरुष समाज अब तक महिलाओं के साथ अन्याय करता आया है उसके अंदर भय हमेशा बना रहे कि अब स्त्री अकेली नहीं है, उसके साथ कई और महिलाएं जुड़ी हुई जो किसी भी अन्याय को होने नहीं देंगी और ना ही सहने देंगी। संतोष दहिया ने बताया कि महिलाओं का इस संगठन में बढ़-चढ़कर भाग लेना हमारे आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है कि हम सही दिशा में जा रहे है। एक सन्तोष दहिया से शुरू हुआ ये संगठन लाखों सन्तोष दहिया पैदा करेगा जो महिलाओं की समस्याओं को दूर करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Related posts

फ्यूचर मेकर : एमडी पर ईडी की एक और बड़ी कार्रवाई

उपायुक्त डॉ. बांगड़ ने बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की

Jeewan Aadhar Editor Desk

असम की महिला ने दिवार फांद कर मांगी मदद, पुलिस ने महिला को दोस्त के साथ भेजा

Jeewan Aadhar Editor Desk