उत्तर प्रदेश

श्मशान में मौत का तांडव, अंतिम संस्कार के दौरान 18 की मौत—24 गंभीर

गाजियाबाद,
मुरादनगर के श्मशान में अंतिम संस्कार के दौरान गैलरी की छत गिरने से कई लोग दब गए। इनमें 18 की मौत हो गई, 24 घायल हैं। ये सभी बारिश से बचने के लिए छत के नीचे खड़े थे। जिस शख्स का दाह संस्कार चल रहा था, हादसे में उनके एक बेटे की भी मौत हुई है। मेरठ की डिविजनल कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने बताया कि अब तक 17 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। 38 लोगों का रेस्क्यू किया गया है।

बताया जाता है कि श्मशान घाट पर मुरादनगर के फल कारोबारी जयराम का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। जयराम का 65 साल की उम्र में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान सभी लोग गेट से सटी गैलरी में खड़े थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। ढाई माह पहले ही यहां झोपड़ी नुमा गैलरी बनाई गई थी।

लोगों का आरोप है कि गैलरी बनाने में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल हुआ था। मौके पर मौजूद जयराम के पोते देवेंद्र ने बताया कि उसके दादा का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। बाकी लोग दूर खड़े होकर देख रहे थे। इसी दौरान छत गिरने की आवाज आई। इससे वहां खड़े सभी लोग दब गए। देवेंद्र ने बताया कि हादसे में उनके चाचा की भी मौत हो गई है। एक चचेरा भाई मलबे के नीचे दबा हुआ है। हादसे में उनके पिता भी घायल हो गए।

मृतकों के परिवारों को सरकार 2-2 लाख की मदद देगी
NDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी है। बारिश की वजह से रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। मृतकों में 3 की पहचान हो गई है। इनके नाम योगेंद्र, बंटी और ओंकार थे। ये संगम विहार और मुरादनगर के रहने वाले थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मरने वालों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मंडलायुक्त मेरठ और एडीजी मेरठ जोन से घटना की रिपोर्ट मांगी है।

दयानंद कॉलोनी के जयराम की शनिवार रात बीमारी के चलते मौत हो गयी थी। रविवार को मुरादनगर श्मशान में अंतिम संस्कार के लिए 100 से ज्यादा लोग जुटे थे। बारिश से बचने के लिए लोग गैलरी में खड़े हो गए। अचानक गैलरी की छत गिर गई।

Related posts

चाकू घोंप कर महिला की हत्या

गोरखपुर उपचुनाव : भाजपा हारी लेकिन योगी का ‘मठ’ जीत गया!

पटरियों के बीच गिरी 1 साल की बच्ची, ऊपर से गुजर गई ट्रेन, देखें वीडियो

Jeewan Aadhar Editor Desk