हरियाणा

प्रदेश भर में किसानों का जोरदार प्रदर्शन

हिसार
शुक्रवार का दिन हरियाणा में किसान आंदोलन के आक्रोश की ज्वाला के प्रदर्शन का रहा। इसी के चलते हिसार में सांसद दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ। फतेहाबाद,अंबाला के मोहड़ा में और हांसी के नारनौंद में जींद-हांसी हाईवे को किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अड़ाकर बंद कर दिया है। वहीं कुरुक्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में होने वाले आंदोलन की शुरुआत हुई।
दरअसल, मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस की गोली का शिकार हुए 6 किसानों की मौत व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने की मांग को लेकर आज देशभर के किसान हड़ताल पर हैं। इसी के साथ हरियाणा में भी भारतीय किसान यूनियन ने आठ स्थानों पर हाईवे जाम किया। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि पूरे देश में भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के कारण भाकियू सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गई है।

उन्होंने कहा कि आज न तो किसानों का कर्ज माफ किया जा रहा और न ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया गया। इन दो मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय किसान महासंगठन के बैनर तले 62 किसान संगठन देशभर में हाईवे जाम किए है । अगर सरकार नहीं जागी तो रेल ट्रैक पर भी जाम लगा सकते हैं।
वहीं कुरुक्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में होने वाले आंदोलन की शुरुआत हुई। जहां कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
उधर, भाकियू के तेवर को देख सोनीपत, जींद, कुरुक्षेत्र और अंबाला में सीआरपीएफ की एक-एक कंपनी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। प्रदेश के गृह सचिव रामनिवास ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि स्थिति पर पूरी नजर रखें। शांति व्यवस्था कतई भंग नहीं होनी चाहिए। वहीं डीजीपी बीएस संधु ने बताया कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का हक है, लेकिन किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
ये हैं किसानों की मांगें
स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाए।
किसानों का पूरा कर्ज माफ हो।
किसानों की पेंशन शुरू की जाए।
मध्य प्रदेश में किसानों पर गोलीबारी करने वालों पर मुकद्दमा दर्ज कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।

Related posts

हिसार की सिविल सर्जन कोरोना पॉजिटिव हुई

पत्नी संग सड़क पर टहल रहे युवक का अपहरण

अभय चौटाला का बयान, रिवाल्वर होती तो कर्ण दलाल को गोली मार देता

Jeewan Aadhar Editor Desk