यमुनानगर हरियाणा

हरियाणा सरकार की गलत नीतियों से हर वर्ग परेशान- बजरंग गर्ग

यमुनानगर,
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने निजी होटल में पत्रकार सम्मेलन में कहा कि हरियाणा सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश का व्यापारी, उद्योगपति सहित हर वर्ग परेशान है। इस राज में लगातार देश व प्रदेश में व्यापार व उद्योग पिछड़ता जा रहा है। लगातार बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति देश में सबसे ज्यादा हरियाणा में खराब है। प्रदेश में हर रोज आम जनता के साथ लूटपाट, हत्या, फिरौती, चोरी,
अपहरण व महिलाओं—बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदात हो रही है। प्रदेश का व्यापारी व आमजन अपनी जान—माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। जो सरकार व्यापारी व आम जनता की जानमाल की सुरक्षा ना कर सके उस सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है। प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में व्यापार व उद्योग को बढ़ावा देने व बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कर रही है जबकि इस सरकार में कोई भी नया उद्योग लगा बल्कि अनेक उद्योग हरियाणा से पलायन कर गए हैं। काफी उद्योग बंद होने के कगार पर हैं।
आरटीआई की सूचना के अनुसार सरकारी आंकड़े बता रहे है कि 2 साल में हरियाणा में एक भी नया उद्योग नहीं लगा। सरकार ने उद्योग लगाने के नाम पर हैपनिंग हरियाणा सम्मेलन के नाम पर करोड़ों रुपए जनता की कमाई के बर्बाद कर दिए। उद्योग लगाने के नाम पर विदेशों में घूम— घूम कर करोड़ों रुपए बर्बाद करने के बावजूद भी किसी भी विदेशी कंपनी ने हरियाणा में पूंजी निवेश नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल ही में नया व्यवसाय कर (जजिया कर) लगाकर छोटे से छोटा व्यापारी व उद्योगपति कि कमर तोड कर रख दी है। इससे व्यापारी व उद्योगपतियों में बड़ी भारी नाराजगी है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि जिस राज्य में कानून व्यवस्था खराब हो और सरकार की नीतियां व्यापारी व उद्योगपतियों के हित में ना हो उस राज्य में कोई व्यापारी उद्योग क्यों लगाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का व्यापारी व आम जनता नगर निगम व विधानसभा चुनाव में वोट की चोट देकर इस राज से मुक्ति दिलाने का काम करेगा।
प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि यमुनानगर के विकास के लिए नगर निगम मेयर का सांझा उम्मीदवार राकेश शर्मा काका को सहयोग देकर यहां की जनता भारी बहुमत से विजय बनाएगी। हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की होगी और पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेसी भारी बहुमत से सरकार बनायेगी।
इस मौके पर केवल सिंह खरबन्दा, यशपाल महाजन, सुनील भाटीया, गुलशन करवल, राजीव अरोड़ा, सुरेन्द्र उप्पल, कुनाल भाटीया, हरेन्द्र सिंह भाटीया, मुकेश गोयल, ग्रीस रेखी, गौरव भारद्वाज, नितिन भाटीया, नितिन गुप्ता, प्रदेश सचिव हीरा लाल शर्मा, युवा प्रदेश प्रभारी राहुल गर्ग सहित काफी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधी मौजूद थे।

जीवन आधार पत्रिका यानि एक जगह सभी जानकारी..व्यक्तिगत विकास के साथ—साथ पारिवारिक सुरक्षा गारंटी और मासिक आमदनी और नौकरी भी..अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करे।

Related posts

सरकार के खिलाफ गीतों को हथियार बनाएंगी आंगनवाड़ी महिलाएं

स्कूलों में बढ़ी छुट्टियां, जानें कब खुलेंगे स्कूल

स्वच्छ भारत मिशन कार्यशाला में हिसार के डिप्टी मेयर प्रथम