मुख्यमंत्री ने सुशासन दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों से किया सीधा संवाद
हरियाणा को खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए सबसे साथ मिलकर चलने का आह्वान किया
विभाग, जिला व प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए पुरस्कारों की घोषणा की
हिसार,
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राजनेताओं से लेकर अधिकारी-कर्मचारी तक हम सबकी जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है। हम सबके मन में यह भाव जागना ही सुशासन है। सबके साथ न्याय का भाव मन में रखना और आमजन को बिना बाधा सेवाओं व योजनाओं की डिलीवरी करना ही हमारा ध्येय होना चाहिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज सुशासन दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए नई ई-सेवाओं का शुभारंभ किया और विभाग, जिला व प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रतिवर्ष पुरस्कार शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए व जिज्ञासाओं का तर्कसंगत ढंग से समाधान किया। हिसार के लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पुरातत्व-संग्रहालय एवं श्रम-रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक व उपायुक्त अशोक कुमार मीणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
राज्य स्तरीय समारोह से प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस कार्यक्रम की शुरुआत का मकसद आमजन को मिलने वाली सेवाओं व योजनाओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी व प्रतिबद्घता के भाव का अहसास करना है। चाहे मुख्यमंत्री हो या किसी विभाग का कोई कर्मचारी, हम सब जनता की सेवा के लिए हैं। सरकार व प्रशासन आपस में मिलकर ही अच्छा शासन दे सकते हैं और इसे अच्छा व बाधारहित बनाने के लिए संवेदनशील भाव मन में रखना जरूरी है। यह सरकार जनता के प्रति पूर्ण उत्तरदायित्व का भाव रखती है और हम जन-जन की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कर्मचारी-अधिकारी को यह समझना चाहिए कि हमें जो वेतन मिलता है उसकी एवज में मैं क्या कर रहा हूं। जनता के हित में हमें नियमों को उदार व सरल बनाने का प्रयास करना चाहिए। सरकार द्वारा भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सरकार ने योजनाओं का विक्रेंद्रीकरण किया है। अधिकारियों-कर्मचारियों को हिपा के माध्यम से प्रशिक्षण व रिफ्रेशिंग कोर्स करवाए जाएंगे ताकि वे अपने कार्य में अधिक निपुण बन सकें व जनता के प्रति जिम्मेदारी के भाव के साथ कार्य कर सकें। मुख्यमंत्री ने 2014 के बाद जनता के हित में शुरू की गई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 को सुशासन संकल्प वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और सुधार के विचारों को लागू किया जाएगा। आमजन से सुधार के विचार लेने के लिए वेबसाइट भी बनाई जाएगी। मेहनती, जिम्मेदार व कत्र्तव्यपरायण अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक विभाग, जिला व प्रदेश स्तर पर अच्छा काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए प्रतिवर्ष प्रदेश में 500 पुरस्कार दिए जाएंगे और इसे अगले वर्ष 25 दिसंबर से शुरू किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व पंडित मदन मोहन मालवीय के जन्म दिवस पर इस प्रकार के कार्यक्रम बहुत सार्थक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल को याद करते हुए उनकी लोकराज लोकलाज से चलने की उक्ति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनसेवा की प्रतिबद्घता के कारण ही आज 38 विभागों की लगभग 550 सेवाओं के डिजिटाइजेशन सेे सरकारी सेवाएं प्रदान करने में बड़ा परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा कि सुशासन की मूल भावना के अनुरूप जरूरतमंद वर्ग को घर-द्वार पर सेवाएं मिल रही हैं। सूचना प्रौद्योगिकी सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सुशासन के स्वप्र को साकार करने के लिए हम सबको अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। हर अधिकारी-कर्मचारी को यह समझना चाहिए कि हम सब जनता की सेवा के लिए पदासीन हैं और यदि जनता को समय पर बाधारहित सेवाएं मिलेंगी तो ही हमारा होना सार्थक है।
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि जनसेवक के नाते आमजन को सुशासन देना हमारी जिम्मेदारी है और हमें इसे अपना कत्र्तव्य समझना चाहिए। सुशासन के लिए यह भी जरूरी है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं को अच्छी प्रकार समझें और जनहित में योजनाओं के सरलीकरण पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि हम सबको आज सुशासन दिवस पर जनहित में अच्छा कार्य करने का प्रण करते हुए जिला को सेवा प्रदान करने में अव्वल बनाना चाहिए।
इस अवसर पर मेयर गौतम सरदाना, जिला परिषद चेयरमैन ब्रह्मदेव स्याहड़वा, नगर निगम आयुक्त डॉ. जेके आभीर, हांसी पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, जेजेपी जिलाध्यक्ष जयपाल बांडाहेड़ी, प्रो. मंदीप मलिक, पूर्व चेयरमैन कर्णसिंह रानोलिया, रणधीर सिंह धीरू, जेजेपी प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट मंदीप बिश्रोई, भाजपा सचिव कृष्ण बिश्रोई, एसडीएम परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।