सांझ का समय था। आसमान पर ढलते सूरज की लालिमा फैली हुई थी। नदी का पानी शांत दिख रहा था, लेकिन उसकी गहराई और तेज़ बहाव भीतर का रहस्य छुपाए हुए थे। किनारे पर एक छोटा-सा घाट था, जहाँ लोग अपनी-अपनी मंज़िल तक पहुँचने के लिए नाव का इंतज़ार कर रहे थे।
उसी भीड़ में एक व्यक्ति भारी कदमों से चलता हुआ आया। उसके चेहरे पर थकान थी, आँखों में चिंता, और हाथों में कई बड़े-बड़े लोहे के बक्से। वह इतनी मुश्किल से उन्हें खींच रहा था कि देखने वाले भी हैरान हो जाएँ।
नाविक ने उसे देखा और पूछा, “भाई, इन बक्सों में ऐसा क्या है जो तुम इन्हें इतनी सावधानी से पकड़े हुए हो?”
व्यक्ति ने गहरी साँस ली और बोला, “ये सिर्फ बक्से नहीं हैं… इनमें मेरी पुरानी यादें हैं। लोगों के ताने हैं। मेरी असफलताओं का दर्द है। कुछ अधूरे सपने हैं… और कुछ रिश्तों के टूटने की तकलीफ़। इन्हें मैं छोड़ नहीं सकता।”
नाविक ने कुछ नहीं कहा। बस हल्की मुस्कान के साथ उसे नाव में बैठने दिया।
नाव धीरे-धीरे नदी के बीच की ओर बढ़ने लगी। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन थोड़ी ही देर में नाव भारी लगने लगी। पानी की लहरें तेज़ हुईं और नाव डगमगाने लगी। बाकी यात्री डरने लगे।
नाविक ने चप्पू रोकते हुए कहा, “नाव बहुत भारी हो चुकी है। अगर ऐसे ही चलता रहा तो हम बीच नदी में डूब सकते हैं।”
वह व्यक्ति घबरा गया। उसने अपने बक्सों को कसकर पकड़ लिया और बोला, “नहीं! इन्हें मैं नहीं छोड़ सकता। ये मेरी ज़िंदगी का हिस्सा हैं।”
नाविक शांत स्वर में बोला, “सोच लो… कभी-कभी जिसे हम अपनी पहचान समझकर पकड़े रहते हैं, वही हमें डुबाने लगता है।”
नदी का बहाव और तेज़ हो गया। नाव अब पहले से ज़्यादा हिलने लगी थी। व्यक्ति के चेहरे पर डर साफ दिखाई देने लगा। कुछ पल बाद उसने काँपते हाथों से पहला बक्सा उठाया।
“इसमें क्या है?” नाविक ने पूछा।
उसने धीमे स्वर में कहा, “लोगों की कही हुई कड़वी बातें… जिन्होंने मुझे हमेशा कमजोर महसूस कराया।” इतना कहकर उसने वह बक्सा नदी में फेंक दिया। अजीब बात हुई… जैसे ही बक्सा पानी में गिरा, उसके चेहरे का बोझ थोड़ा हल्का हो गया।
फिर उसने दूसरा बक्सा उठाया। “इसमें मेरी पुरानी असफलताओं का दुख है।” वह भी नदी में चला गया।
धीरे-धीरे उसने एक-एक करके सारे बक्से नदी में फेंकने शुरू कर दिए— किसी में पछतावा था, किसी में डर, किसी में टूटे रिश्तों का दर्द, और किसी में भविष्य की चिंता।
हर बक्से के साथ नाव हल्की होती गई। हवा अब पहले से शांत लग रही थी। नदी की लहरें भी मानो रास्ता देने लगी थीं। कुछ ही देर में नाव तेज़ी से आगे बढ़ी और सुरक्षित किनारे पहुँच गई। किनारे पर उतरते समय उस व्यक्ति ने महसूस किया कि वर्षों बाद उसके कदम इतने हल्के लगे हैं। उसके चेहरे पर पहली बार सुकून था।
वह नाविक की ओर देखकर बोला, “मैंने पूरी ज़िंदगी इन बोझों को अपनी ताकत समझा, लेकिन असल में यही मुझे डुबो रहे थे।”
नाविक मुस्कुराया और बोला, “जीवन की नाव भी ऐसी ही होती है। जो व्यक्ति अतीत का पछतावा, भविष्य की चिंता और लोगों की राय का बोझ उठाए रखता है, वह कभी शांति से आगे नहीं बढ़ पाता। लेकिन जो छोड़ना सीख जाता है… उसके लिए मंज़िल तक पहुँचना आसान हो जाता है।”
उस दिन वह व्यक्ति सिर्फ नदी पार करके नहीं गया था…वह अपने भीतर के बोझ से भी पार हो चुका था।
धर्मप्रेमी सुंदरसाथ जी, भविष्य की चिंता, अतीत का पछतावा, अपेक्षओं का बोझ और दूसरे की राय का डर ही हमें जीवन को आनंद से नहीं जीने देती। इस सबको गिरा दो, फिर देखना तुम्हारे भीतर कितना खाली स्थान बचता है—जो तुम्हारे जीवन को एक नई दिशा देता है। जीवन आनंदमयी हो जाता है।








