हिसार

मजबूती से भागीदारी करके राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाएं रोडवेज कर्मचारी : सांझा मोर्चा

हिसार डिपो में सांझा मोर्चा के नेताओं ने की गेट मीटिंग, रखी मांगे व समस्याएं

हिसार,
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने रोडवेज कर्मचारियों से अपील की है कि वे 28 व 29 मार्च को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में मजबूती से भागीदारी करके इसे सफल बनाएं। मोर्चा नेताओं ने कहा कि हड़ताल की सफलता के बाद केन्द्र व प्रदेश सरकार को कर्मचारी वर्ग की मांगों व समस्याओं पर ध्यान देना पड़ेगा।
हड़ताल की तैयारियों के चलते हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की गेट मीटिंग हिसार डिपो प्रांगण में हुई। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित रोडवेज कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल की अध्यक्षता में हुई इस गेट मीटिंग में सांझा मोर्चा नेताओं ने कर्मचारियों के समक्ष विस्तार से मांगों व समस्याओं का जिक्र किया। मोर्चा नेताओं ओमप्रकाश ग्रेवाल, नरेन्द्र दिनोद, जगदीप लाठर व संदीप रंगा ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार कर्मचारी व जनविरोधी नीतियां अपना रही है। इन नीतियों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए 28 व 29 मार्च को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाकर कर्मचारी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कई राज्यों की सरकारें पुरानी पैंशन नीति लागू करने की घोषणा कर चुकी है लेकिन हरियाणा सरकार इससे पीछे हट रही है। ऐसे में हरियाणा के कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष है। उन्होंने कहा कि पुरानी पैंशन बहाल करने, खाली पड़े हजारों पदों पर स्थाई भर्ती करने, रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या बढ़वाने, निजीकरण पर रोक लगाने, किलोमीटर स्कीम के तहत परमिट देने पर रोक लगाने, चालकों—परिचालकों से केवल आठ घंटे ड्यूटी लेने या अधिक ड्यूटी होने पर उनको ओवरटाइम देने सहित अनेक ऐसी मांगे हैं, जिन्हें रोडवेज यूनियनें लंबे समय से उठा रही है लेकिन सरकार के कानों पर जूं भी नहीं रेंग रही। अब हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने एकजुट होकर इन मांगों व समस्याओं को हल करवाने के लिए निर्णायक संघर्ष का बिगुल बजाया है, जिसे कर्मचारियों के सहयोग से अवश्य सफलता मिलेगी।
कर्मचारियों को सांझा मोर्चा से जुड़ी यूनियनों के डिपो प्रधानों राजबीर दुहन, रामसिंह बिश्नोई, अरूण शर्मा, नरेन्द्र खरड़, अनूप सातरोड, भागीरथ शर्मा, दयानंद, जोगेन्द्र पंघाल, दर्शन जांगड़ा, सुभाष ढिल्लो, पवन बूरा, प्रदीप डाबड़ा, कर्मबीर मसूदपुर, सुरेन्द्र कुंडू, राजकुमार चौहान व अमित कुमार ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों से 28—29 मार्च को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। कर्मचारी नेता सूरजमल पाबड़ा के संचालन में हुई गेट मीटिंग के दौरान रिटायर्ड कर्मचारी संघ की ओर से राजबीर सिंधु ने भी समर्थन दिया और कहा कि हड़ताल में रिटायर्ड कर्मचारी भी बढ़—चढ़कर भाग लेंगे।

Related posts

सज गया केजरीवाल का मंच, 1000 वालंटियर ने संभाल ली कमान, रविवार को प्रदेश में चुनाव लड़ने की होगी घो​षणा

आदमपुर : आनलाइन हुआ इंटर्व्यू और पढ़ते—पढ़ते ही 4 विद्यार्थियों को मिल गई जॉब

मथुरा-वृंदावन पारिवारिक बस यात्रा 29 को होगी रवाना

Jeewan Aadhar Editor Desk