देश हरियाणा

खेल मंत्री अनिल विज और वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के बीच विवाद!

चंडीगढ़
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विदेश दौरों को औचित्यहीन एवं औपचारिकताओं से युक्त करार दिया है। यहां जारी एक बयान में डॉ. तंवर ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री लगातार विदेशों के दौरे कर रहे हैं लेकिन सच्चाई यह है कि पिछले तीन साल में विदेशी निवेश के नाम पर हरियाणा को कुछ हासिल नहीं हुआ। बल्कि इसके विपरीत हरियाणा में पहले से लगे उद्योग पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब कभी मंत्रियों और विधायकों की झड़प होती है तो मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर चले जाते हैं। यह गैर जिम्मेदाराना व्यवहार प्रदेश की जनता को मुसीबत में डालने का काम करता है। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री अनिल विज और वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की बजाय मुख्यमंत्री सैर सपाटे पर प्रदेश की जनता की कमाई लुटा रहे हैं। अपने आपको संत बताने वाले मुख्यमंत्री लग्जरी चीजों का लुत्फ उठाने में लगे हुए हैं और उनकी पार्टी के नेता उनका महिमामंडन करते नहीं थकते।
डॉ. तंवर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नाम पर यह सरकार करोड़ों रुपया पानी की तरह बहा रही है जबकि प्रदेश में बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं। उनके स्कूलों के अपग्रेडेशन के लिए भी आमरण अनशन करना पड़ रहा है। गांव से बाहर पढऩे जाती हैं तो छेड़छाड़ और रेप जैसी जघन्य घटनाएं उनके साथ होती हैं। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि बेटियों को पढ़ाएं या न पढाएं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश मेें जनविरोधी नीतियों के तहत हर वर्ग के लोगों के रोजगार छीनकर उन्हें उजाडऩे का काम किया जा रहा है। बेरोजगारी की समस्या का कोई समाधान न होने के चलते प्रदेश में घोर निराशा का माहौल व्याप्त है। पानी, बिजली, सड़क, सिंचाई जैसी बुनियादी चीजों के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में हालात काफी असंतोष वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के प्रतिनिधियों को सभी समस्याओं के संबंध में ठोस नीति बनाकर हल करने की आवश्यकता है और इसे सरकार को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।

Related posts

मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने रेलमार्ग किया जाम

कुलदीप बिश्नोई करेंगे हिसार लोकसभा में भाजपा के लिए प्रचार, सीएम नायब सैनी पहुंचे बिश्नोई के घर, नाश्ते की मेज पर आदमपुर हलके को लेकर हुई बातचीत

Assembly Election 2018 Exit Poll: राजस्‍थान में कांग्रेस की जीत, तेलंगाना में टीआरएस की जीत, एमपी व छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्‍कर!