हिसार

गाय व खेती को बनाएं एक-दूसरे के पूरक, जहर मुक्त खेती के लिए चलाएं अभियान : डॉ. कथीरिया

कृषि विज्ञान केेंद्रों पर भी लगाएं डेमो यूनिट : डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया

एचएयू के कुलपति व वैज्ञानिकों से रूबरू हुए राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष

हिसार,
वैज्ञानिक गौ माता व कृषि को एक दूसरे का पूरक मानते हुए इसी दिशा में शोध कार्य को बढ़ावा दें। गाय की धार्मिक महता के साथ-साथ उसकी वैज्ञानिक महत्ता को समझना बहुत जरूरी है। इसके लिए किसानों को भी जागरूक किया जाना चाहिए।
यह आह्वान राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया ने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से किया। वे शनिवार कोहरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों व अधिकारियों से गौ संरक्षण को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग व हरियाणा गौ सेवा आयोग के सचिव डॉ.कल्याण सिंह भी साथ में मौजूद थे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने उनका विश्वविद्यालय में पहुंचने पर स्वागत किया और विश्वविद्यालय में जारी शोध कार्यों व अन्य गतिविधियों से अवगत कराया। डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह को गाय के गोबर के गुणों को लेकर लिखी गई एक पुस्तक व गाय के गोबर व गौमूत्र से तैयार उत्पाद भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करने में कृषि विज्ञान केंद्रों का रोल बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह से कहा कि वे ऐसी योजना तैयार करें जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्रों पर डेमो यूनिट लगाई जाएं और गाय को पालते हुए उसके गोबर व गौमूत्र से जैविक उत्पाद व खाद तैयार की जा सके। यहां से किसानों को भी प्रशिक्षण दिया जाए ताकि किसान इस क्षेत्र में भी स्वरोजगार स्थापित करें और आर्थिक रूप से समृद्ध होकर पर्यावरण को भी संरक्षित कर सकें। उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा कि जहर मुक्त खेती के लिए इस दिशा में काम करने की जरूरत है और किसानों को जागरूक करने के लिए इसे अभियान के रूप में अपनाना होगा। वैज्ञानिक इसे अपना धर्म मानते हुए ज्यादा से ज्यादा किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करें। वे इस दिशा में रिसर्च भी इसी प्रकार की करें जो जन साधारण के लिए उपयोगी, आर्थिक रूप से वहन करने योग्य व अधिक प्रभावी हो। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों को बचाने के लिए उन्हें आर्थिक, सामाजिक, शारीरिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए जैविक खेती के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
देशव्यापी कामधेनु दीपावली अभियान जारी
राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया ने बताया कि उन्होंने देशव्यापी कामधेनु दीपावली अभियान चलाया हुआ है जिसके तहत गाय के गोबर आधारित उत्पाद जैसे दीये, मूर्तियां, रंगोली आदि तैयार किए हैं। इससे एक ओर जहां पर्यावरण प्रदुषित होने से बचेगा वहीं दूसरी ओर रोजगार के अवसर भी बढेंगे। उनका लक्ष्य घर-घर तक गाय के गोबर व गौमुत्र के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना है। साथ ही इससे गाय को संरक्षित करने में मदद मिलेगी और गाय के गोबर व गौ मूत्र से तैयार जैविक खाद के उपयोग से किसान व देश आर्थिक रूप से समृद्ध होगा व विदेशों से आयात होने वाले उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी।
जैविक खेती को बढ़ावा दे रहा है एचएयू : कुलपति
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में करीब सौ एकड़ में दीन दयाल उपाध्याय जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की हुई है। इस केंद्र में किसानों के साथ मिलकर जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है और इसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। यहां से किसान अधिक से अधिक जैविक खेती के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।
आधुनिक समय के ऋषि मुनि हैं वैज्ञानिक : श्री श्रवण गर्ग
हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्री श्रवण गर्ग ने कहा कि वैज्ञानिक आधुनिक समय के ऋषि-मुनियों की भूमिका अदा करें, क्योंकि जिस समय देश विश्वगुरू था, उस समय ऋषि मुनि ही वैज्ञानिकों की तरह काम करते थे। पराधीनता के समय सभी अपनी जिम्मेदारियों से भटक थे। अब समय है कि वे अधिक से अधिक गौ सेवा के संरक्षण को लेकर काम करें और अपने शोध कार्यों को भी इसी दिशा में आगे बढ़ाने की कोशिश करें।
ये रहे मौजूद
इस दौरान हरियाणा गौ सेवा आयोग के सचिव डॉ.कल्याण सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति के विशेष कार्यकारी अधिकारी डॉ. एम.एस. सिद्धपुरिया, कुलसचिव डॉ. बी.आर. कंबोज, विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. आर.एस. हुड्डा, अनुसंधान निदेशक डॉ. एस.के. सहरावत सहित अधिष्ठाता, निदेशक व विभागाध्यक्ष मौजूद थे।

Related posts

किसानों ने काला दिवस मनाते हुए फूंका प्रधानमंत्री मोदी का पुतला

समय पर सर्जरी बचा सकती है जिंदगी, लक्षणों को अनदेखी करना पड़ सकता जिंदगी पर भारी : डा. धीर

Jeewan Aadhar Editor Desk

हिसार : पुलिस वाले को प्रेम फांस में फंसाकर मांगे 20 लाख रुपए

Jeewan Aadhar Editor Desk