हिसार

किसानों ने लगाया जिला प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप, 2 जुलाई को सिंघु बॉर्डर पर होगा मंथन

हिसार,
संयुक्त किसान मोर्चा ने हिसार जिला प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जल्द ही आंदोलन करने की चेतावनी दी है। मोर्चा का आरोप है कि प्रशासन किसानों के साथ हुए समझौते से मुकुर रहा है। ऐसे में अब किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल 2 जुलाई को आगे की रणनीति तैयार करने के लिए सिंघु बार्डर पर जायेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य सरदानन्द राजली ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल किसानों पर दर्ज मामलों को लेकर 28 जून को जिला प्रशासन मिला था। इस पर जिला प्रशासन ने 1 जुलाई को मिलने का समय तय किया। आज की बैठक में हिसार के प्रशासन ने कोई भी बात स्पष्ट नहीं की। प्रशासन केवल लीपापोती करता रहा। इसके चलते कोई ठोस निर्णय आज की बैठक में निकलकर सामने नहीं आया। जिला प्रशासन ने किसानों के साथ बैठकर केवल औपचारिकता ही दिखाई। बड़ी ही बेरुखी से जिला प्रशासन पेश आया और पहले के समझौते से पूरी तरह से मुकरता हुआ नजर आया।

मोर्चा द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि 16 मई को सीएम मनोहर लाल हिसार में आए थे। इसके चलते किसानों ने विरोध—प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन ने 24 किसानों पर धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था। 24 मई को हिसार में किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया। इस पर हिसार प्रशासन ने किसानों को बातचीत और समझौते के लिए बुलाया। इस दौरान किसानों और हिसार प्रशासन के बीच में एक समझौता हुआ था कि किसानों पर लगे सभी मामले रद्द होंगे। एक बाइक पुलिस ने कब्जे में लिया है वह वापिस कर दिया जायेगा। लेकिन आज की बैठक में जिला प्रशासन इससे मुकरता हुआ नजर आया।

इसके चलते संयुक्त किसान-मजदूर मोर्चे का एक प्रतिनिधिमंडल 2 जुलाई को राष्ट्रीय संयुक्त किसान मोर्चा के साथ सिंघू बॉर्डर दिल्ली में एक बैठक करेगा। संयुक्त मोर्चा जो भी आह्वान करेगा उसी पर संयुक्त किसान मोर्चा आगे की कार्रवाई करेगा। आज की बैठक में राजू भगत सरसौद,रीमन नैन खेदड़, नरेश भ्याण,धोला जेवरा,सन्दीप सिवाच,समुन्द्र मलिक नम्बरदार, प्रदीप,सन्दीप धीरणवास, कुलदीप खरड़, हरदीप वकील, दशरथ मलिक देपल, सुनील भगाना, सोमबीर पिलानियां, विकास सीसर, अनु सूरा,शमशेर सिंह नम्बरदर, सतबीर पुनिया आदि मजदूर व किसान शामिल रहे।

Related posts

शनि देव मन्दिर आर्यनगर बांट रहा गरीबो में खाना

स्मॉल वंडर के छात्रों ने इंटरनेशनल मैथेमैटिक्स ओलंपियाड में जीते पदक

शोध कार्यों में गणित व आंकड़ों का महत्वपूर्ण योगदान : कुलपति

Jeewan Aadhar Editor Desk