फतेहाबाद

पति—पत्नी तलवार लेकर बढ़े आगे तो विरोधी पक्ष ने चला दी गोली, दम्पति की हालत नाजुक

फतेहाबाद,
भूना कस्बे में प्लॉट को लेकर दो पक्षों के विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष के दर्जनभर लोगों ने इकट्‌ठे होकर दूसरे पक्ष के दपंती पर हमला कर दिया। इस दौरान की गई फायरिंग में दंपती घायल हो गया।। घायल पति-पत्नी को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी अजायब सिंह और थाना प्रभारी कपिल सिहाग मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से पांच खाली कारतूस बरामद किए। पुलिस जांच में जुटी है।

मामला किसी पंचायती प्लॉट पर कब्जे को लेकर बताया जा रहा है। घायल मक्खन सिंह व उसकी पत्नी संदीप कौर को पहले भूना अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उन्हें अग्रोहा रैफर कर दिया गया। मक्खन सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है। दूसरी तरफ आरोपी पक्ष का कहना है कि दंपती व उनके साथ आए लोगों ने उन पर तलवारों से जानलेवा हमला किया था और उन्होने सिर्फ अपने बचाव में लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई।

भूना के वार्ड नंबर-3 के प्राचीन शिव मोहल्ला में रहने वाले धनराज के बेटे सोनू ने बताया कि 35 साल पहले ग्राम पंचायत ने उनके परिवार को 3 मरले जमीन दान दी थी। तत्कालीन सरपंच बलराम धारनिया ने उन्हें लिखित में पंचायती स्तर पर एक दस्तावेज भी दिया था। दस दिन पूर्व मक्खन सिंह और विक्की वाल्मीकि ने उनकी जगह पर कब्जा कर लिय। जिनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई। उसके बाद दोनों ने उनके प्लॉट से कब्जा हटा लिया और पंचायती स्तर पर समझौता कर लिया। मंगलवार रात उन दोनों ने प्लॉट पर कब्जे की नीयत से तंबू लगा लिया और आधा दर्जन लोग गालीगलौज करते हुए जमा हो गए।

बुधवार सुबह जब वह प्लॉट में गए तो वहां दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान मक्खन सिंह, विक्की और उनके साथियों ने तलवारों व अन्य तेजधार हथियारों से उन पर हमला करने का प्रयास किया। इस पर उन्होंने बचाव में अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले हवाई फायरिंग की और जब जान को खतरा महसूस हुआ तो उसने मक्खन सिंह व उसकी पत्नी संदीप कौर पर सीधी गोली चला दी। उनमें से दो गोलियां मक्खन सिंह की छाती और संदीप कौर के पांव में लगी।

पुलिस के अनुसार, छाती में गोली लगने की वजह से मक्खन सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी कपिल सिहाग ने बताया कि प्लॉट विवाद को लेकर बुधवार सुबह दो पक्षों में हुए झगड़े में एक पक्ष ने लाइसेंसी रिवाल्वर से दंपती को गोली मारी है। घटनास्थल से चले हुए कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस जांच कर रही है।

Related posts

रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार को दी चेतावनी

जल्दी धनवान बनने की चाहत ने दो दोस्तों को पहुंचा दिया सलाखों के पीछे

दूध बेचने वाले भागे..डेयरी संचालकों ने किए शटर डाउन—जानें विस्तृत रिपोर्ट

Jeewan Aadhar Editor Desk