हिसार

कैमरी में मजदूरों ने नारेबाजी कर श्रम मंत्री का पुतला जलाया

28 को संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा घेरेगा श्रम मंत्री अनूप धानक का आवास

पूरे हरियाणा में मजदूर कर रहे आंदोलन, सरकार की उदासीनता से बढ़ रहा रोष

हिसार,
नलवा हलके के गांव कैमरी में मजदूरों ने श्रम मंत्री अनूप धानक का पुतला जलाया और नारेबाजी की। संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा के आह्वान पर भवन निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) ने गांव कैमरी में निर्माण मजदूरों की बैठक बुलाई जिसमें मजदूरों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। सरकार द्वारा मजदूरों को सुविधाएं मुहैया न करवाने तथा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा उनके कार्यों के लिए बार-बार चक्कर कटवाने के चलते उन्होंने नारेबाजी की। इसके बाद हरियाणा के श्रम मंत्री का पुतला जलाया।
बैठक की अध्यक्षता यूनिट के प्रधान ईश्वर ने की और संचालन सचिव विनोद ने किया। मुख्य वक्ता हिसार तहसील के नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश कुमार और उप प्रधान फूल सिंह चंद्रलोक पहुंचे। उप प्रधान फूल सिंह ने कहा कि 1996 में हरियाणा में बोर्ड का गठन हुआ और 2008 में मजदूरों का पंजीकरण शुरू किया गया लेकिन पिछले काफी वर्षों से सरकार मजदूरों के प्रति गंभीर नजर नहीं आई। दो साल से श्रम कल्याण बोर्ड से न ही मजदूरों का कोई पंजीकरण हुआ है और न ही बोर्ड से मिलने वाली कोई सुविधा मिली है।
भवन निर्माण कामगार यूनियन हिसार तहसील के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि सरकार मजदूरों को सुविधा नहीं देना चाहती और न ही श्रम कल्याण बोर्ड में पंजीकृत करना चाहती है जबकि बोर्ड में करोड़ों रुपया है और बोर्ड के अधिकारियों द्वारा मजदूरों के फार्म पर आए दिन नई-नई ऑब्जेक्शन लगाकर उन्हें रिजेक्ट किया जा रहा है। वे बार बार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। कभी अधिकारी, कभी पटवारी और कभी पंचायत सचिव के हस्ताक्षर मांग रहे हैं। इससे परेशान होकर संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा के आह्वान पर 28 और 29 जनवरी को हरियाणा के श्रम मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले निर्माण मजदूरों का प्रतिनिधिमंडल श्रम मंत्री के साथ दो बार बैठकें हो चुकी हैं और दो बार हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ बैठक कर चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। जब तक निर्माण मजदूरों की समस्याओं को हल नहीं निकलेगा पूरे हरियाणा में इसी तरह श्रम मंत्री के पुतले जलाए जाएंगे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी।
बैठक में ईश्वर, निर्मला, विनोद, फूलपति, ओमप्रकाश, रीना, दीपक, कमलेश, ममता, सुरेंद्र, लक्ष्मी, मुकेश, कृष्णा, संदीप, सुमित्रा, सोनू, सुरेंद्र, ममता, शांति, विष्णु, बबली, रोशनी, सरोज, भरत आदि शामिल हुए।

Related posts

सांसद डा. सुभाष चंद्रा से मिले कई बाजारों के दुकानदार, अग्रसैन चौक से नागोरी गेट तक की पूर्ववत स्थिति बहाल करने की पुरजोर मांग

17 मार्च 2018 को हिसार में होने वाले मुख्य कार्यक्रम

प्रभु से प्रार्थना ही कोरोना महामारी से दिलवायेगी छुटकारा-सदानंद महाराज