हिसार

SYL के लिए 41 हजार 637 लोगों ने दी गिरफ्तारियां, गिरफ्तारियों का बना रिकॉर्ड

हिसार,
एसवाईएल नहर के निर्माण की मांग पर इनेलो द्वारा चलाए जा रहे जेल भरों आंदोलन की कड़ी में शुक्रवार को विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में हजारों लोगों ने गिरफ्तारियां दी। इससे पहले सांसद दुष्यंत चौटाला सैंकड़ों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ लघु सचिवालय के पास नहर से चल कर गिरफ्तारी देने अनाज मंडी पहुंचे। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, सिरसा से सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, बसपा के प्रदेशा उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति, विधायक रणबीर गंगवा, विधायक वेद नारंग, विधायक अनूप धानक, शीला भ्याण, पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा, विधायक बलवान दौलतपुरिया, नरवाना से विधायक पिरथी नंबरदार, जिला प्रधान राजेंद्र लितानी, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी कृष्ण जमालपुर, सुरेंद्र पंघाल, बलराज सातरोड, राजकपूर पाली, इनेलो के युवा प्रदेशाध्यक्ष सुमित राणा, प्रदीप गिल, पूर्व विधायक रमेश खटक सहित हजारों लोगों ने गिरफ्तारियां दी। मौके पर पहुंचे डीएसपी जितेन्द्र ने इनेलो-बसपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं व नेताओं की गिरफ्तारी की घोषणा करते हुए कहा कि जिला की जेलों में इतने अधिक लोगों को रखने की व्यवस्था नहीं है। मौके पर ही एसडीएम परमजीत सिंह ने 41 हजार 637 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सभी को रिहा करने के आदेश दिये।

नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर हर सरकार ने राजनीति की है चाहे वह सरकार कांग्रेंस की हो या फिर भाजपा व अकालियों की। इसी बात से आहत होकर चौधरी देवीलाल ने इस नहर के निर्माण की पहल की थी। इसके बाद जब मामला कांग्रेस व भाजपा की राजनीति में उलझ गया तो इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने सुप्रीम कोर्ट में लेकर गए। आज जब उनके संघर्ष का परिणाम जनता हरियाणा की जनता के हित में आया है तो भाजपा सरकार फिर उसे अटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकदल अपने गठन के पहले दिन से ही प्रदेश की जनता के हकों की लड़ाई लड़ रहा है। जननायक चौ. देवीलाल के प्रयासों से ही भाषा के आधार पर हरियाणा को अलग प्रदेश का दर्जा मिला था। उन्होंने ही किसान का दर्द समझते हुए सबसे पहले उसका कर्ज माफ करने का काम किया था। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर फिर से किसानों व छोटे दुकानदारों का ऋण माफ किया जाएगा।

इनेलो-बसपा एक मई से एसवाईएल, दादुपूर-नलवी व मेवात कैनाल के निर्माण व प्रदेश के हिस्से के पानी के लिए आंदोलनरत है और जिलेवार गिरफ्तारियां दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हरियाणा की जनता के हितैषी नहीं, उनके विरोधी प्रतीत होते हैं और आज तक एक बार भी हरियाणा को एसवाईएल नहर का पानी दिलवाने के लिए एक बार भी केंद्र सरकार के समक्ष पैरवी नहीं की। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह जेल भरो आंदोलन में भाग लेने के मुद्दे पर जनता को डरा-धमका रही है। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो केवल एक दिन के लिए ही इनेलो-बसपा कार्यकताओं को जेल में बंद करके दिखाए, लेकिन इनेलो-बसपा गठबंधन हर आंदोलन में हजारों की तादाद में गिरफ्तारियां देकर सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर देगा।

हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इनेलो व बीएसपी गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाते हुए इस बार 1987 का इतिहास दोहराएगा। इनेलो के एसवाईएल आंदोलन और चुनरी चौपाल में जिस तरह से लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ जाहिर है कि 1987 में पांच विपक्षी विधायक थे, लेकिन इस बार विधानसभा में एक भी विपक्षी विधायक नजर नहीं आएगा। इनेलो व बीएसपी गठबंधन में युवाओं को रोजगार और किसानों को पानी देने का काम करेगा। भारी भीड़ से गदगद सांसद चौटाला ने युवाओं को अगले तीन महीने में एक बार फिर रोजगार मेला लगाकर रोजगार दिलाने का वादा करते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में खट्टर सरकार ने केवल युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री खट्टर के दौरों पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा तो केवल भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए है।

इससे पूर्व बसपा के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा भाजप और कांग्रेस को देश व प्रदेश की जनता नकार चुकी है। पिछले आम चुनावों में तीसरे मोर्चे का गठन न होने की वजह से भाजपा को चुनना देश की जनता की मजबूरी था लेकिन अब तीसरे मोर्चे का गठन हो चुका है और आगामी आम चुनाव में बसपा प्रमुख मायावती के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे की ही देश में सरकार बनेगी और प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की।

इस मौके पर उपरोक्त के अलावा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र लितानी, युवा जिला अध्यक्ष अमित बूरा, विधायक रणवीर गंगवा, वेद नारंग, अनूप धानक, परमिंदर ढुल, ओमप्रकाश गोरा, पिरथी नंबरदार, कृष्ण कंबोज, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, हरि सिंह सैनी, पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा, रमेश खटक, सरोज मोर, शीला भ्याण, बसपा के उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति, प्रदेश महासचिव जिला प्रभारी बलराज सातरोडिय़ा, सतबीर छिंपा, राजकपूर पाली, प्रदीप अंबेडकर, इनेलो हलकाध्यक्ष सजन लावट, सतबीर सिसाय, राजेश गोदारा, ललिता टांक, बहादुर सिंह नायक, जिला प्रवक्ता एडवोकेट मनदीप बिश्नोई, रमेश चुघ, अमरदीप सभरवाल सहित बहुत से इनेलो बसपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जीवन आधार पत्रिका यानि एक जगह सभी जानकारी..व्यक्तिगत विकास के साथ—साथ पारिवारिक सुरक्षा गारंटी और मासिक आमदनी और नौकरी भी..अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करे।

Related posts

भगवान राम की रथ यात्रा निकाली-नगर में हुआ स्वागत

सोनाली सिंह से मिलकर बिजली समस्या से निजात की मांग

हिसार में कोरोना संक्रमिक का आंकड़ा 50 के पार, रविवार को मिले 13 नये मामले

Jeewan Aadhar Editor Desk