फतेहाबाद

अशोक का शव लेने से ग्रामीणों ने किया मना, बोले— हत्यारोपियों के गिरफ्तारी के बाद ही होगा अंतिम संस्कार

फतेहाबाद (साहिल रुखाया)
भट्टू कस्बे में जिम चलाने वाले ढाबीकलां निवासी करीब 23 वर्षीय अशोक कुमार की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में रामसरा के दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में रखा है। उधर, हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को चेतावनी दी कि जब तक हत्यारोपित गिरफ्तार नहीं होते तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक अस्पताल में एकत्रित है। ग्रामीणों का कहना है कि हत्यारोपियों की पहचान होने के बाद भी पुलिस 24 घंटे में उन्हें पकड़ नहीं पाई है। वे अशोक के शव को अस्पताल से आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही उठायेंगे।
पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे है। वे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे है। पुलिस अधिकारी दावा कर रहे है कि वे जल्द से जल्द दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। वहीं ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए है। फिलहाल पुलिस अधिकारी और ग्रामीणों में बातचीत का दौर चल रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर गांव ढाबीकलां निवासी अशोक कुमार अपने पिता सुभाष व दोस्त मनिंद्र के साथ कार में फतेहाबाद जा रहा था। पिता सुभाष ने बताया कि रास्ते में अशोक के पास रामसरा निवासी पुष्कर उर्फ खली का फोन आया। उसने पूछा कि तुम कहां हो, तुमसे कोई बात करनी है। इस पर अशोक ने बताया कि वे ढाबीकलां से चले है और फतेहाबाद जा रहे हैं। इस पर पुष्कर उर्फ खली ने कहा कि वहीं रुक जाओ हम आ रहे हैं। इसके बाद अशोक ने ढाबीकलां व भट्टू के बीच हैफेड के गोदाम के पास कार सड़क किनारे खड़ी की और इंतजार करने लगा। आरोप है कि कुछ मिनट बाद रामसरा की तरफ से कार में रामसरा निवासी विजयपाल व पुष्कर उर्फ खली आए। आते ही वह अशोक से गांव में अवैध रूप से बेची जारी रही शराब के बारे में बात करने लगे। उक्त लोगों ने अशोक से कहा कि आप सत्यवान को समझा दो कि शराब क्यों बेचता है।
इस पर अशोक ने कहा कि मेरा सत्यवान से कोई वास्ता नहीं है। आप खुद ही जाकर उन्हें समझा दो। इसके बाद तैश में आए पुष्कर उर्फ खली ने विजयपाल से कहा कि पिस्तौल निकालकर अशोक को गोली मार दो। विजयपाल ने पिस्तौल निकाली और अशोक के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही अशोक जमीन पर गिर गया। विजयपाल ने पिस्तौल पुष्कर उर्फ खली को दे दिया। खली ने उसी पिस्तौल से दूसरी गोली अशोक की कनपटी पर मार दी। इसके बाद दोनों हमलावर धमकी देते हुए कार में बैठकर फरार हो गए।

Related posts

सरपंच की अच्छी पहल, गांव में युवाओं के लिए लगाया रोजगार मेला

कृषि मंत्री की चेतावनी : ऐसे अधिकारियों पर पहले होगी कार्रवाई—बाद में होगी जांच

जिला में 3 सरपंच व 14 पंच पद के लिए उप चुनाव 2 सितंबर को