हिसार

एचएयू के प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह धनखड़ विश्व मौसम संगठन के विशेषज्ञ पैनल में चयनित

देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों से चयनित होने वाले देश के एकमात्र कृषि मौसम वैज्ञानिक बने

हिसार,
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के प्रधान वैज्ञानिक एवं कृषि मौसम विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह धनखड़ का स्विट्जरलैंड (जेनेवा) स्थित विश्व मौसम विज्ञान संगठन की नव सुधार आयोग आधारित कृषि की स्थायी समिति में विशेषज्ञ सदस्य के रूप में चयन हुआ है। इस आयोग में चयन के लिए उनका नाम भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा अनुमोदित किया गया था। इस आयोग में चयनित होने वाले डॉ. सुरेंद्र सिंह धनखड़ देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों से एकमात्र कृषि मौसम विज्ञानी हैं। यह चयन उनके द्वारा मौसम विज्ञान के क्षेत्र में हासिल की गई उल्लेखनीय उपब्धियों के आधार पर किया गया है। यह आयोग मौसम, जलवायु, जल और संबंधित पर्यावरण सेवा अनुप्रयोगों के लिए कार्य करता है तथा इसका मुख्य उदे्श्य वैश्विक स्तर पर इससे संंबंधित विसंगतियों के प्रति जागरूक करना है।
एशिया महाद्वीप का करेंगे प्रतिनिधित्व
कृषि मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह धनखड़ कृषि मौसम विज्ञान से सम्बंधित सूखा निगरानी प्रणाली, दृष्टिकोण, प्रभावों, संभव कृषि घाटा और विश्व मौसम विज्ञान संगठन के विभिन्न क्षेत्रों में तैयारियों के मूल्यांकन के लिए अपना योगदान देंगे। वे विश्व स्तर पर एशिया महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेंगे। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के इस तकनीकी आयोग का उद्देश्य सभी उपयोगकर्ता, समुदायों और समाज द्वारा सामाजिक,आर्थिक लाभों की सूचना देने और निर्णय लेने में सक्षम बनाने के लिए विश्व स्तर पर सामंजस्यपूर्ण मौसम, जलवायु, जल, महासागर और पर्यावरण से संबंधित सेवाओं और अनुप्रयोगों के विकास और कार्यान्वयन के लिए योगदान करना है।
ये रही हैं डॉ. धनखड़ की उपलब्धियां
डॉ. सुरेंद्र सिंह धनखड़ इंटरनेशनल सेंटर फॉर ट्रापिकल फिजिक्स, इटली, थर्ड वल्र्ड एकडेमी ऑफ साइंस के तहत ब्राजील व युरेशिया पैसेफिक यूनिनेट के तहत आस्ट्रिया में विजिटिंग साइंटिस्ट रहे हैं। इस समय वे मानव संसाधन मंत्रालय भारत सरकार के स्पार्क प्रोजेक्ट जो कि स्विटजरलैंड के सहयोग से चलाया जा रहा है के प्रिंसिपल इंवेस्टीगेटर हैं। इससे पूर्व में भारत के कृषि मौसम वैज्ञानिकों की एसोसिएशन के 2017 से 2019 तक वाइस प्रेसीडेंट भी रह चुके हैं।
आयोग में चयनित होने वाले देश के एकमात्र वैज्ञानिक हैं डॉ. सुरेंद्र धनखड़
देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों में से इस प्रतिष्ठित आयोग के लिए चयनित होने वाले डॉ. सुरेंद्र कुमार धनखड़ एकमात्र वैज्ञानिक हैं। वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त वरिष्ठ कृषि मौसम वैज्ञानिक हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के लिए संबंधित क्षेत्रों मेें और शैक्षणिक संबंधित क्षेत्रों में कई बार ख्याति अर्जित कर चुके हैं। वर्तमान में भी डॉ. धनखड़ कृषि मौसम विज्ञान के नियमित छपने वाले जर्नल के प्रबंधक संपादक (जर्नल ऑफ एग्रोमेटरोलॉजी)की जिम्मेदारी निभा रहे हैं ।
पूरे देश के लिए गौरव की बात : प्रो. समर सिंह
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने विश्व मौसम संगठन द्वारा विशेषज्ञ के तौर पर चयन के लिए डॉ. सुरेंद्र सिंह धनखड़ को बधाई दी। साथ ही भविष्य में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए और बेहतर तरीके से काम करने की आशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

Related posts

वेदामृता संस्था के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के साथ की बैठक

आदमपुर : आनलाइन हुआ इंटर्व्यू और पढ़ते—पढ़ते ही 4 विद्यार्थियों को मिल गई जॉब

मदर मेडिसन का ताला तोड लाखों रुपयों की नगदी पर हाथ किया साफ