हिसार

किसानों के लिए मील का पत्थर साबित हो रही एचएयू

विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की मेहनत व प्रदेश के किसानों के सहयोग का ही नतीजा : कुलपति

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के 2 फरवरी के स्थापना दिवस पर विशेष

हिसार,
यहां का हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय किसानों के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं किसानों का एक अटूट रिश्ता है, जिसकी बदौलत किसान विभिन्न फसलों के उत्पादन में दिन दौगुनी रात चौगुणी उन्नति कर रहा है। यह सब विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित की गई और किसानों द्वारा अपनाई गई विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों व तकनीकों का ही नतीजा है कि आज प्रदेश का देश के खाद्यान भंडारण और फसल उत्पादन में अग्रणी प्रदेशों में नाम है। हालांकि हरियाणा प्रदेश क्षेत्रफल की दृष्टि से अन्य प्रदेशों से काफी छोटा है लेकिन यहां के किसानों की मेहनत व एचएयू के वैज्ञानिकों के निरंतर प्रयासों की बदौलत इसकी देश में अलग पहचान है।
यह बात हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. समर सिंह ने विश्वविद्यालय की स्थापना दिवस के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि पहले जब हरियाणा व पंजाब संयुक्त होते थे तब केवल एक पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना होता था, लेकिन एक नवंबर 1966 को हरियाणा व पंजाब के अलग होने के बाद 2 फरवरी 1970 को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। तब से लेकर निरंतर यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश संयुक्त पंजाब से अलग हुआ तो उस समय हरियाणा प्रदेश का वर्ष 1966-67 में खाद्यान उत्पादन केवल 2.59 मिलियन टन था। इसके बाद वर्ष 2000-2001 में बढक़र 13.29 मिलियन टन हो गया और अब वर्ष 2019-20 में यह बढक़र 17.86 मिलियन टन हो गया है। प्रदेश में हरित क्रांति की सफलता व खाद्यान उत्पादन में अपार वृद्धि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा अधिक पैदावार वाली विभिन्न फसलों की किस्में विकसित करना, नई-नई तकनीकें इजाद करना, अथक प्रयासों, लगन, दूरगामी सोच और प्रदेश के किसानों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है। आज देशभर के केंद्रीय खाद्यान भंडारण में प्रदेश का कुल भंडारण का 16 प्रतिशत है जो अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसमें गेहूं 9.3 मिलियन टन और चावल 4.2 मिलियन टन शामिल हैं। आज हरियाणा प्रदेश गेहूं के प्रति हेक्टेयर उत्पादन क्षमता में देश में नंबर वन है। अकेला हरियाणा प्रदेश देश का 60 प्रतिशत बासमती का उत्पादन करता है जबकि कुल चावल उत्पादन में प्रदेश दूसरे स्थान पर है। इसी प्रकार दलहन व तिलहनी फसलों में बढ़ते उत्पादन को लेकर भी विश्वविद्यालय ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
विश्वविद्यालय के साथ लगातार जुड़ रहे हैं नए आयाम
कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के साथ लगातार नए आयाम जुड़ रहे हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक विश्वविद्यालय ने विभिन्न फसलों की 250 नई व उन्नत किस्मेें विकसित की हैं जो रोग प्रतिरोधी व अधिक पैदावार देने वाली हैं। अब तक 533 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एमओयू साइन हो चुके हैं। अभी तक विश्वविद्यालय को 17 पेटेंट, 5 कॉपीराइट और 2 डिजाइनों को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 49 पेटेंट, 1 कॉपीराइट व 2 डिजाइन विश्वविद्यालय की ओर से स्वीकृति के लिए अप्लाई किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। इनमें से देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों मेें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा मिली प्रथम राष्ट्रीय पुरस्कार व हाल ही में विश्वविद्यालय को मिली प्रथम अटल रैंकिंग शामिल हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), कृषि मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 2019 के लिए जारी आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में तीसरा स्थान मिला है।
किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध वैज्ञानिक
कुलपति प्रो. समर सिंह ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में गेहूं व चावल के उत्पादन में रिकार्ड वृद्धि हुई है। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत किस्मों व आधुनिक तकनीकों से प्रदेश का किसान समृद्ध और खुशहाल हो रहा है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक भी लगातार किसानों को ध्यान में रखते हुए अपने शोध कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। अब तक विश्वविद्यालय द्वारा गेहूं की 23 किस्मों को विकसित किया गया है जिनमें 14 किस्में राष्ट्रीय स्तर पर जबकि 9 किस्में प्रदेश स्तर के किसानों के लिए जारी की गई हैं। मौजूदा समय में विश्वविद्यालय ने गेहूं की डब्ल्यूएच 1187 व डब्ल्यूएच 1105 जैसी उन्नत किस्में विकसित की हैं जिनका उत्पादन प्रति हेक्टेयर 61.2 क्विंटल से 71.6 क्विंटल तक आंका गया है। इसी प्रकार बाजरे की 21, जौ की 8 किस्में, मक्का की 15, दलहन की 36, तिलहन की 29, कपास की 24, चारा की 34, गन्ने की 8, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की 8, सब्जियों की 27 और बागवानी की 4 किस्में विकसित की हैं। इसी प्रकार वर्ष 1966-67 में प्रदेश में चावल का उत्पादन मात्र 11.61 क्विंटल प्रति हेक्टेयर था। जो वर्ष 2000-01 में 25.57 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और वर्ष 2019-20 में 33.34 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हो गया है। देश में औसतन चावल का उत्पादन 27.05 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है जबकि प्रदेश में चावल का औसतन उत्पादन 33.34 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। अब तक विश्वविद्यालय द्वारा चावल की 12 किस्में विकसित की गई हैं जिनमें 11 किस्मों को प्रदेश व 1 किस्म को देशभर के लिए जारी किया गया है।

एक साथ सात सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित करने वाला पहला विश्वविद्यालय
कुलपति ने बताया कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय एक साथ सात सामुदायिक रेडियो स्टेशन स्थापित करने वाला देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय बन गया है। हिसार स्थित विश्वविद्यालय कैंपस, झज्जर, रोहतक, जींद, पानीपत, कुरूक्षेत्र व सिरसा के कृषि विज्ञान केंद्रों पर इन स्टेशनों को स्थापित किया गया है।
महिलाओं, युवाओं व किसानों के उत्थान के लिए प्रयासरत विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय ग्रामीण व शहरी महिलाओं, युवाओं व प्रदेश के किसानों को स्वावलम्बी, समृद्ध और आर्थिक रूप से संपन्न बनाने की दिशा में प्रयासरत है। इसमें महिलाओं के लिए गृह विज्ञान महाविद्यालय द्वारा विभिन्न प्रकार के कोर्स व सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण एवं शिक्षण संस्थान द्वारा कराए जाने वाले कोर्स व प्रशिक्षण शामिल हैं। इसी प्रकार विश्वविद्यालय में कृषि अवशेष प्रबंधन हेतु नवाचार केंद्र स्थापित किया गया है, जिसके शुरू होने के बाद बायोगैस व सीएनजी गैस के साथ-साथ कृषि अवशेषों से खाद व बिजली उत्पादन भी शुरू हो जाएगा। दीन दयाल उपाध्याय जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र भी जैविक खेती की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय ने उत्तर भारत के एकमात्र व देश के दूसरे एग्री बिजनेस सेंटर की शुरूआत की है, जिसमें कोई भी किसान, युवा, गृहिणी, विद्यार्थी इत्यादि कृषि व कृषि से संबंधित इनोवेटिव आइडिया को लेकर इस केंद्र के माध्यम से अपना व्यवसाय स्थापित कर सकता है। फसल विविधिकरण, कृषि वैज्ञानिकों की सलाह व बेहतर तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। बागवानी, कृषि वानिकी, मधुमक्खी पालन, पुष्प उत्पादन, पशुपालन, मुर्गीपालन, खुम्ब उत्पादन, मत्स्य पालन, केंचुआ खाद उत्पादन इत्यादि व्यवसाय अपनाकर किसान छोटी जोत होते हुए भी अपनी आमदनी में इजाफा कर सकते हैं। उन्नत किस्मों के बीजों के प्रयोग, बीज उपचार, जैविक खाद, समन्वित कीट प्रबंधन, समन्वित खाद प्रबंधन, जैविक खेती एवं रासायनिक उर्वरकों के कम इस्तेमाल से किसान खेती में होने वाले खर्चें को कम करके आर्थिक रूप से ज्यादा समृद्ध हो सकते हैं। इसी प्रकार महिलाओं के लिए विश्वविद्यालय के प्रत्येक जिले में स्थापित कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से सिलाई-कढ़ार्ई, डेयरी फार्मिगं, फल व सब्जी इत्यादि को लेकर दिए जाने वाले प्रशिक्षण के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आजीविका चला सकती हैं। खेती से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए विश्वविद्यालय की नि:शुल्क दूरभाष सेवा व मौसम से संबंधित जानकारी के लिए ई-मौसम के माध्यम से देश व प्रदेश के लाखों किसान लाभ उठा रहें हैं।

Related posts

आदमपुर : युवक को महंगा पड़ा बुआ के घर जाना

सामाजिक बहिष्कार से तंग व सरकार से निराश भाटला के दलित गांव से करेंगे पलायन

सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव में सरकार ने की महिलाओं व दलित वर्ग की उपेक्षा

Jeewan Aadhar Editor Desk