हिसार

एचएयू के बाहरी केंद्रों पर वैक्सीनेशन कैंप शुरू, किसानों को वैक्सीन के प्रति किया जा रहा जागरूक

प्रदेश भर के कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्रों पर लगातार लगाए जाएंगे कैंप

हिसार,
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के प्रत्येक जिले में स्थापित अनुसंधान एवं कृषि विज्ञान केंद्रों पर मेगा वैक्सीनेशन कैंप की शुरूआत हो चुकी है। इसी के तहत प्रथम चरण में कृषि विज्ञान केंद्र दामला (यमुनानगर) से इस अभियान को शुरू किया गया है।
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रामनिवास ने शनिवार को बताया कि पहले चरण में दामला कृषि विज्ञान केंद्र पर केंद्र से जुड़े किसानों के लिए यह अभियान चलाया गया था, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़े क्षेत्र के किसानों को वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय सदैव किसानों के हित के लिए समर्पित है और इसी कड़ी में प्रदेश में विश्वविद्यालय के अन्य बाहरी केंद्रों पर भी अब लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कैम्प के सफल आयोजन के लिए सभी कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्रों के इंचार्जों को इस बारे में केंद्र द्वारा गोद लिए गए नजदीकी गांवों के किसानों व केंद्र के कर्मचारियों की एक सूची तैयार करते हुए उन्हें जागरूक करने को कहा गया है ताकि वैक्सीन के संबंध में किसानों के मन में किसी प्रकार की कोई भ्रांति न रहे। इसके अलावा संबंधित जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल ऑफिसर से वैक्सीन की उपलब्धता और तकनीकी सहायता के लिए भी संपर्क किया जा रहा है। कैंप के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक वैज्ञानिक की नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार कैंप को लेकर सभी तैयारियों की रिपोर्ट मुख्यालय में देते रहेंगे। कैम्प के दौरान राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जारी हिदायतों की पूरी तरह से पालना की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर में कर्मचारियों, उनके परिजनों व विद्यार्थियों के लिए अब तक सात वैक्सीनेशन कैम्प आयोजित किए जा चुके हैं और छह टेस्टिंग कैम्प भी लगाए गए हैं। वैक्सीनेशन कैंप की सफलता के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों में वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके और वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जा सके। इसमें युवाओं, महिलाओं व किसानों को प्रमुखता से जागरूक किया जाएगा।

Related posts

24 अगस्त 2018 को हिसार में होने वाले मुख्य कार्यक्रम

सुलखनी के संस्कृति मॉडल स्कूल में जरूतमंद मेधावी विद्यार्थियों को बांटी जर्सियां और जूते

Jeewan Aadhar Editor Desk

प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ से उत्साहित आंगनवाड़ी महिलाओं ने दी कड़े आंदोलन की चेतावनी

Jeewan Aadhar Editor Desk