हिसार

चीनी सेना के हमले में हिसार के 8 जवान हो गए थे शहीद, विभाग कर रहा याद

31 तक पुलिस मनाएगी स्मृति दिवस, आईजी, एसपी व अन्य जवानों ने दी श्रद्धांजलि

हिसार,
चीनी सेना के हमले में 21 अक्टूबर 1959 को हिसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले 8 जवान शहीद हुए थे। पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में इन जवानों को याद किया जाता है।
इसी कड़ी में जिला पुलिस की ओर से दो​ दिनों से पुलिस फ्लैग डे आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन बुधवार को पुलिस लाइन में स्थित स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस कर्मियों की याद में हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार व जिला पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि दी। देश में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 21 अक्टूबर 1959 को करम सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों का समूह उत्तर पूर्वी लद्दाख में गश्त कर रहा था। तभी चीनी सेना ने उन पर धावा बोल दिया था। जवानों ने बहादुरी से चीनी सेना का सामना किया और अपने प्राणों की आहूति देकर पुलिस पोस्ट की रक्षा की थी। इस दौरान जिला हिसार में सहायक उप निरीक्षक सूबे सिंह, मुख्य सिपाही सुभाष, मुख्य सिपाही भागीरथ, मुख्य सिपाही विनोद, सिपाही सज्जन, सिपाही दले सिंह, सिपाही बलजीत, सिपाही रामेश्वर दास ने अपने फर्ज को लेकर कुर्बानी दी थी। उनकी याद में हर साल यह दिवस मनाया जाता है। आगामी 31 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले फ्लैग-डे में हर दिन अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दूसरे दिन आज वीरवार को पीएलए स्थित शहीद सहायक उप निरीक्षक सूबे सिंह स्मारक पर जिला पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने शहीद पुलिसकर्मियों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जिला पुलिस द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए यह प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के दौरान आने—जाने वाले नागरिकों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए व पुलिस कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को शहीद हुए पुलिस के जवानों के बलिदान के बारे में बताया गया।

Related posts

एडीसी ने 13 वाहनों पर किया 6.5 लाख जुर्माना

Jeewan Aadhar Editor Desk

रोडवेज कर्मियों की लंबित मांगों बारे सांझा मोर्चा ने की जीएम से मुलाकात

एचएयू में विद्यार्थी स्मार्ट क्लास रूम में करेंगे पढ़ाई : कुलपति