हरियाणा हिसार

आदमपुर : 7 दिन में उपमुख्यमंत्री के सपने हुए धूमिल, भाजपा की साजिश या कुछ और..आदमपुर की किस्मत में कब आयेगी प्रदेश की राजनीति, अब 2025 का इंतजार

आदमपुर(बंशीधर)
12 मार्च को जब नायब सिं​ह सैनी को नया सीएम चुना गया तो आदमपुर के लोगों में उत्साह और जोश देखने को मिल रहा था। इसका कारण था मीडिया में भव्य बिश्नोई को उपमुख्यमंत्री के रुप में प्रस्तुत करना। पहले चर्चा थी कि सीएम के साथ भव्य बिश्नोई उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। लेकिन सीएम शपथ के दौरान वे मंच के आसपास भी दिखाई नहीं दिए तो मंत्रीमंडल के विस्तार का इंतजार होने लगा। मंगलवार को नायब सिंह सैनी मंत्रीमंडल का विस्तार हो गया। 8 विधायकों को राज्यमंत्री के रुप में शपथ दिलवाई गई। लेकिन भव्य बिश्नोई का इस बार भी कोई अता—पता नहीं। आदमपुर के लोग साढ़े चार बजे टीवी के आगे बैठे रहे तो युवा मोबाइल पर शपथ ग्रहण समारोह को लाइव देखते रहे। एक—एक करके 8 विधायकों ने मंत्रीपद की शपथ ली। लेकिन भव्य बिश्नोई का नाम नहीं आया। आदमपुर का इंतजार और लंबा खिंच गया। अब उम्मीद है 2025 में हरियाणा की नई सरकार में भव्य बिश्नोई को बड़ा पद मिल पायेगा।

वैसे चर्चा यह भी है कि भाजपा एक विशेष रणनीति पर काम करते हुए कांग्रेस राज में हरियाणा में स्थापित हुए बड़े राजनीतिक घरानों को ठिकाने लगाने का काम कर रही है। इसमें बिरेंद्र सिंह के परिवार को ठिकाने लगाने का काम किया जा चुका है। आज के मंत्रीमंडल विस्तार में राव इंद्रजीत सिंह व कुलदीप बिश्नोई की अनदेखी से कयास लगाए जाने लगे है कि अगले निशाने पर ये दोनों परिवार है। ध्यान रहें, भाजपा क्षेत्रिय दलों और परिवारिक राजनीति के खिलाफ सदा मुखर रही है। इसी तरह वह क्षेत्रिय राजनीतिक घरानों का भी विरोध करती रही है। भाजपा ने राजनीतिक घरानों को खत्म करने के लिए पहले भी कई राज्यों में काम किया है। हरियाणा का इतिहास देखें तो भाजपा ने जिस क्षेत्रिय दल को अपने साथ मिलाया वह या तो समाप्त हो गया या फिर अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहा है।

पहले ही साफ हो गई थी तस्वीर
आदमपुर की जनता को भले ही आज भव्य बिश्नोई के मंत्री बनने का इंतजार हो लेकिन बिश्नोई परिवार को पहले ही पता चल चुका था कि आज के मंत्रिमंडल विस्तार में उनका नम्बर नहीं है। इसके चलते इस परिवार ने शपथ ग्रहण समारोह से दूरी ही बनाकर रखी। लेकिन मीडिया व सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के चलते आदमपुर की जनता को आश थी कि आज भव्य बिश्नोई मंत्री पद विराजमान हो जायेंगे। लेकिन ऐसा हो ना सकता। इसके चलते आदमपुर की जनता को निराशा का सामना करना पड़ा।

9 मई 1996 के बाद सत्ता से दूर आदमपुर
चौ.भजनलाल ने सीएम के रुप में 9 मई 1996 को अपना अंतिम कार्यकाल पूरा किया। इसके बाद आदमपुर सत्ता के लिए तरस रहा है। हर चुनाव में एक आशा होती है कि इस बार सत्ता में भागीदारी मिलेगी लेकिन हर बार निराशा ही मिलती है। 2022 में भव्य बिश्नोई सत्ताधारी दल भाजपा से विधायक बना तो उम्मीद जागी कि अब उन्हें मंत्री बनाकर बीजेपी सरकार आदमपुर को फिर से सत्ता में ठोस भागीदारी सौंपेगी। भव्य बिश्नोई के पिता कुलदीप बिश्नोई बेटे भव्य बिश्नोई को मंत्री बनावाने के लिए भाजपा के शीर्ष ​नेताओं के यहां भी गुहार लगाते रहे लेकिन फिर भी मंत्री पद नहीं मिल पाया। भव्य बिश्नोई की शादी के शाही रिसेप्शन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के शामिल होने के बाद कयास लगाए जाने लगे थे कि कुलदीप बिश्नोई की बड़ी पहुंच उनके बेटे को मंत्री पद तो दिलवा ही देगी। लेकिन फिलहाल ये संभव नहीं हो सका।

पूर्व CM भजनलाल के पोते हैं भव्य बिश्नोई
भव्य बिश्नोई पूर्व CM चौधरी भजनलाल के पोते हैं। वे वर्तमान समय में आदमपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। भव्य के पिता कुलदीप बिश्नोई भी सांसद रहे हैं। भव्य की मां रेणुका बिश्‍नोई भी आदमपुर और हांसी सीट से विधायक रह चुकी हैं। उनकी दादी जसमां देवी आदमपुर से विधायक और ताया चंद्रमोहन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके है। भव्य की उम्र 31 साल है। हाल ही में भव्य की शादी राजस्थान की IAS अफसर परी बिश्नोई से हुई है। इतना बड़ा राजनीतिक घराना होने के बाद भी भव्य बिश्नोई को मंत्रीपद न मिलना आदमपुर के लोगों को अखरने लगा है।

लंदन से पढ़े हैं भव्य बिश्नोई
भव्य बिश्नोई ने London School of Economics and Political Science से गवर्नमेंट एंड इकोनॉमिक्स में बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc) की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने हावर्ड यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर्स की डिग्री की है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से भव्य बिश्नोई समकालीन भारत में मास्टर ऑफ साइंस (M.Sc) की पढ़ाई की है।

हुई थी शाही शादी
भव्य बिश्नोई और परी बिश्नोई की शादी काफी शाही तरीके से हुई थी। शादी में शामिल होने के लिए 3 राज्यों के 3 लाख लोगों को निमंत्रण भेजा गया था। दोनों की शादी उदयपुर में हुई। इसके बाद दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में रिसेप्शन भी हुआ। हरियाणा के आदमपुर में हुए रिसेप्शन में उपराष्ट्रपति भी शामिल हुए थे।

Related posts

अमित शाह बोले,हरियाणा सरकार के काम गिनाने के लिए बैठानी पड़ेगी भागवत..हुड्डा और चौटाला पर साधा निशाना

Jeewan Aadhar Editor Desk

जातिगत आरक्षण व्यवस्था से देश के लिए खतरनाक—जेठडी

Jeewan Aadhar Editor Desk

सीएम बोले स्वच्छ हरियाणा..कर्मचारी बोले झाडू तो दिलाओं बाबा